राष्ट्रीय लोक अदालत : 43 हजार से अधिक वाद निस्तारित, 4.40 करोड़ ऋण वसूले
अयोध्या, अमृत विचार। राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 43,876 वादों को निस्तारित किया गया। बैंक रिकवरी से संबंधित 716 प्री-लिटिगेशन वाद निस्तारित कर 4 करोड़ 40 लाख 78 हजार 116 रुपये का ऋण वसूला गया। पारिवारिक विवाद से संबंधित 65 मुकदमों को निस्तारित किया गया है, जिसमें कई पुराने वाद शामिल थे। सिविल न्यायालय द्वारा कुल 66 मामलों का निस्तारण किया गया। राजस्व मामलों से संबंधित 32,407 वाद विभिन्न राजस्व न्यायालय द्वारा निस्तारित किये गये।
इससे पहले दीवानी न्यायालय परिसर में अदालत का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश गौरव श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि सुलह समझौता के दौरान सभी का मान, सभी का सम्मान, सभी को न्याय मिले इसका ध्यान रखा जाता है। राष्ट्रीय लोक अदालत में दोनों पक्षों के हितों को ध्यान में रखकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से वादों को निस्तारित कराया जाता है। सचिव व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि लोक अदालत में आने वाले सभी व्यक्ति के सुविधा का ख्याल रखा गया था।
ये भी पढ़ें - महराजगंज में 9.6 करोड़ रुपये मूल्य की चरस बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
