लखनऊ : निजी बसों को रोडवेज से अनुबंध पर चलाने का मेगा प्लान तैयार
अन्य प्रदेशों के लिए चलेंगी बसें,यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सड़क परिवहन निगम ने रोडवेज यात्रियों की समस्या को देखते हुए बड़ी संख्या में प्राइवेट बसों को रोडवेज से अनुबंधित कर चलाने का मेगा प्लान तैयार कर लिया है। जल्द ही इस सुविधा का लाभ जल्द परिवहन यात्रियों को मिलेगा। निजी बसों को रोडवेज अनुबंध कर अन्य प्रदेशों के लिए संचालन करेगा जिससे लंबी दूरी सफर करने वाले यात्रियों को सुरक्षित व हाइटेक सुविधाएं मिलेगी। डग्गामार बसों से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा ।
इसके लिए रोडवेज अधिकारियों ने कवायद शुरू कर दी है, परिवहन मंत्री कीअधिकारियों के बैठक में इस प्लान पर विस्तृत चर्चा हुई थी। परिवहन मंत्री ने इस पर जल्द से जल्द अमल करने का आदेश दिया है। रोडवेज के प्रधान प्रबंधक संचालन आशुतोष गौड़ के मुताबिक योजना के तहत वाराणसी,प्रयागराज, लखनऊ,गोरखपुर,आगरा से बसों का संचालन होगा । यह बसें दिल्ली,राजस्थान,जयपुर,मध्यप्रदेश,उत्तराखंड के लिए चलाई जायेगी । पहले चरण में 100 से अधिक निजी बसों में अनुबंधित बसों की सुविधा मिलेगी। जिसमें 40 परसेंट स्लीपर बसें होंगी। प्राइवेट ट्रैवल्स की तरह रोडवेज भी लंबी दूरी तय करने के लिए स्लीपर बसों को लगाएगा। इससे लंबी दूरी का सफर बसों में तय करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। अभी जयपुर व उत्तराखंड के यात्रा के लिए प्राइवेट बसों या ट्रेन का सहारा लेना पड़ता है। परिवहन निगम,विभाग की तरफ से बनाई जा रही नए प्लान के लागू होने के बाद आधा दर्जन से अधिक विभिन्न प्रदेशों के लिए बस मिलेगी।
बस में सिर्फ कंडक्टर रोडवेज का होगा
रोडवेज लखनऊ परिक्षेत्र के आरएम मनोज पुंडीर ने बताया कि परिवहन विभाग प्राइवेट बसों को रोडवेज से अनुबंधित करने का प्लान तैयार किया है। इसको लेकर रोडवेज की तरफ से ट्रैवल्स एजेंसियों को बसों को डिपार्टमेंट से अनुबंधित करने के लिए विशेष ऑफर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अनुबंधित बसों का संचालन बस के ओनर की तरफ से चिन्हित किए गए ड्राइवर करेंगे। बस में सिर्फ कंडक्टर रोडवेज का होगा।
मनमानी वसूली पर लगेगी रोक
रोडवेज के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में रोडवेज की बसों का संचालन अन्य प्रदेशों के लिए काफी कम होता है। लिहाजा प्राइवेट ट्रैवल्स एजेंसियां यात्रियों से मनचाहा किराया वसूल करती हैं। अब रोडवेज से अनुबंधित बसों का संचालन अन्य प्रदेशों के लिए होने लगेगा तो यात्री वर्तमान की अपेक्षा कम किराए में सफर कर सकेगा।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : केजरीवाल के समर्थन में बोले अखिलेश यादव, यह अध्यादेश के नाम पर जनादेश की हत्या है
