बरेली: खूब चलाया अभियान फिर भी बेसिक स्कूलों में कम हुए बच्चों के नामांकन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिछले शैक्षिक सत्र की अपेक्षा स्कूलों में आई नामांकन में गिरावट

बरेली, अमृत विचार। बेसिक स्कूलों में अधिक से अधिक बच्चों के नामांकन के लिए शैक्षिक सत्र की शुरुआत से पूरे माह भर रैली और अभियान चलाए गए थे, लेकिन विभागीय कवायद कोई काम नहीं आई। उम्मीद थी कि इस साल पिछली बार से अधिक बच्चों का नामांकन होगा, लेकिन इस बार बच्चों के नामांकन का आंकड़ा पिछली बार से काफी पीछे रहा है। अभी तक जनपद के 2482 प्राथमिक स्कूलों में करीब 3.25 लाख बच्चों के ही नामांकन हुए हैं, जबकि पिछले साल 4 लाख से अधिक छात्र स्कूलों में नामांकित थे।

एक अप्रैल से जिले में अफसरों के निर्देशन में व्यापक स्तर पर नामांकन अभियान शुरू किया गया था। स्कूलों में रैली का आयोजन कर शिक्षकों ने घर -घर पहुंचकर लोगों को बच्चों का दाखिला स्कूल में कराने के लिए जागरूक किया था। शुरुआत में स्कूलों में बच्चों का नामांकन के लिए अभिभावक उत्साहित दिखे, लेकिन कुछ दिन बाद स्कूलों में प्रवेश का सिलसिला थम गया। अधिकारियों और शिक्षकों का दावा है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूल में नामांकन संख्या में वृद्धि होगी।

शासन के निर्देश से भी नामांकन हुआ प्रभावित
शुरुआत में शासन की ओर से प्रवेश संबंधी निर्देश जारी किया गया कि 6 साल पूरा करने के बाद ही कक्षा एक में बच्चों का दाखिला होगा , उससे पहले कक्षा में दाखिला न लिया जाए। ऐसे में 5 साल पूरा कर चुके बच्चों का प्रवेश नहीं हो पाया । विभागीय शिक्षकों का मानना है कि शासन के इस निर्देश से भी नामांकन प्रभावित हुआ है।

अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन स्कूल में हो, इसके लिए जागरूक करने की मंशा से अभियान और रैली निकाली गई थीं। इसका लाभ भी मिला है। अभी नामांकन के लिए लोगों के पास पर्याप्त समय है। गर्मियों की छुट्टियों के बाद भी बच्चों के नामांकन होंगे---विनय कुमार, बीएसए।

यह भी पढ़ें- बरेली: एसएसपी के स्टिंग के बाद सक्रिय हुई पुलिस, दलाल किए जा रहे चिह्नित

संबंधित समाचार