बरेली: एसएसपी के स्टिंग के बाद सक्रिय हुई पुलिस, दलाल किए जा रहे चिह्नित
थाने से लेकर चौकी पुलिस संदिग्ध दलालों को बुलाकर कर रही पूछताछ
बरेली, अमृत विचार। नवाबगंज में एसएसपी से दलाल ने ऑटो चलवाने के लिए 500 रुपये देने की बात कही थी। एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद से पुलिस में खलबली मच गई है। पुलिस ने दलालों को चिह्नित करने का काम शुरू हो गया है। साथ ही संदिग्ध दलालों को लाकर पुलिस पूछताछ भी कर रही है।
जिले भर में एक भी ऑटो स्टैंड नहीं है। पांच हजार ऑटो को परमिट है लेकिन 12 हजार सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इसके अलावा अन्य वाहन भी अवैध तरीके से सड़कों पर चल रहे हैं। इसमें पुलिस की साठगांठ रहती है। इसकी सच्चाई जानने के लिए एसएसपी प्रभाकर चौधरी शनिवार को खुद हेलमेट पहनकर बाइक से अकेले नवाबगंज स्थित बाईपास चौराहे पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने टेंपो और ईको चालकों से कहा कि उन्हें भी ऑटो चलवाना है, कैसे काम होगा।
इस पर एक ऑटो चालक ने बताया कि पांच-छह सौ रुपये महीने देने होंगे, तभी काम हो सकता है। एसएसपी ने पूछा कि रुपये किस बात के देने होंगे तो चालक ने कहा कि बिना लाइन लगवाने व किसी प्रकार की दिक्कत न होने के बदले रुपये देने होंगे।
इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट भी दर्ज की है। इसके बाद पुलिस पूरे जिले में अवैध स्टैंडों के पास सादे कपड़े में भी पहुंच रही है। वहीं, एसएसपी के जाने के बाद चालकों ने कुछ पुलिस कर्मियों के नाम बताए थे। जिसकी जांच कर उन पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि दलालों को चिह्नित किया जा रहा है। जिसके खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बरेली: डॉक्टर की गाड़ी का शीशा तोड़कर लाखों की चोरी, रिपोर्ट दर्ज
