Banda News: खूनी हुई जनपद की सड़कें, सड़क हादसों ने फिर ली चार की जान, सिर पर सेहरा रखे जाने से पहले सजी अर्थी
बांदा में सड़क हादसों ने फिर ली चार की जान।
बांदा में सड़क हादसों ने फिर चार की जान ले ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बांदा, अमृत विचार। जनपद में सड़क हादसों की बाढ़ सी आ गई है। कल एक घटना में बोलेरो सवार चार लोगों की मौत हो जाने के बाद आज फिर अलग-अलग मार्ग दुघटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बांसी गांव के पास दो बाइकों में भिड़ंत होने से एक युवक जयप्रकाश की मौत हो गई। तीन घायल हो गये। दूसरी घटना में कमासिन थाना क्षेत्र के जामू में बाइक मवेशी से टकराने से युवक देवेंद्र की मौत हो गई, दो घायल हो गये। तीसरी घटना अंतर्गत चिल्ला थाना क्षेत्र पलरा गांव के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दीपक गुप्ता की मौत हो गई। जबकि चौथी घटना अतर्रा कस्बे में लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक राजेंद्र गुप्ता की मौत हो गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिर पर सेहरा रखे जाने से पहले सजी अर्थी
सड़क हादसे में युवक जयप्रकाश की मौत हो जाने से सबसे बड़े बेटे के सिर पर सेहरा सजाकर शहनाई के बीच घोड़ी चढ़कर दुल्हन को विदा करवाकर घर में बहू लाने का माता-पिता का सपना भी अधूरा रह गया। विवाह के एक हफ्ते पहले शेष रह जाने के कारण घर पर जोर-शोर से शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच सड़क हादसे में मौत की खबर आने से शादी की सारी खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। मृतक के मित्र हरकेश ने बताया कि जयप्रकाश की शादी तय हो चुकी थी। पहली जून को बारात जसपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम रेंहुटा जानी थी। जयप्रकाश अधिक पढ़ा-लिखा नहीं था। मजदूरी कर किसी तरह अपने घर का खर्च चला रहा था। मृतक जयप्रकाश आपस में तीन भाई और एक बहन हैं। मृतक सभी भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।
