शाहजहांपुर: प्रभारी मंत्री ने पकड़ी निर्माण में लापरवाही, ब्लैक लिस्टेड होगी फर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठेकेदार पर कार्रवाई के भी दिए निर्देश

शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले के प्रभारी और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप मंगलवार को शहर में निर्माणाधीन नगर निगम भवन के कार्य में लापरवाही पर खफा हो गए। उन्होंने निर्माण कार्य में देरी पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाई करने और फर्म को ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश दिए।

नगर निगम भवन के प्रोजेक्ट मैप को देखते हुए उन्होंने पूछा कि जब दो साल में आधा काम नहीं हुआ तो 30 नवंबर तक पूर्ण निर्माण कैसे हो पाएगा। इस पर ठेकेदार को बगलें झांकते देख प्रभारी मंत्री ने सीडीओ एसबी सिंह से उस पर कार्यवाई के निर्देश के साथ ही फर्म को भी ब्लैक लिस्टेड करने को कहा।

बता दें कि शहर में ककरा न्यू सिटी विकसित कर 41 करोड़ की लागत से नगर निगम भवन बनाया जा रहा है। भवन का निर्माण 30 नवंबर तक पूरा किया जाना है, लेकिन अभी तक 50 फीसदी निर्माण कार्य भी नहीं हो सका है। मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की तो निर्माण बेहद धीमी गति से पाया।

उन्होंने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस से नाराजगी जताई और कहा कि वर्क मैप तैयार करके निर्माण की साप्ताहिक समीक्षा करो। उन्होंने समयावधि में ही निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन अन्य परियोजनाएं भी देखीं और कहा कि कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाय। 

नगर निगम भवन के निर्माण को देखते हुए कहा कि नगर के विकास की योजनाओं के संचालन एवं अभिलेखों को व्यवस्थित किए जाने में नगर निगम कार्यालय अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण कार्य में कोई लापरवाही ना बरती जाए और कोई विलंब न किया जाय। उन्होंने सी एंड डी एस यूनिट के प्रोजेक्ट मैनेजर एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्रोजेक्ट को अति शीघ्र पूर्ण किए जाने के संबंध में कार्य योजना तत्काल प्रस्तुत करें और कार्यों की समय से पूर्णता सुनिश्चित किए जाने हेतु पर्याप्त जनशक्ति भी लगाई जाय।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा किए जाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए अवधेश राम, डीसीबी अध्यक्ष डीपीएस राठौर, मुख्य अभियंता सिविल एसके अम्बेडकर, महाप्रबंधक जल सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्र, महानगर अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।

हनुमत धाम के घाटों के सौंदर्यीकरण के कार्य को देखा
प्रभारी मंत्री ने हनुमत धाम स्थित घाटों के सौंदर्यीकरण के कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने हनुमत धाम स्थित घाटों की सफाई की स्थिति को देखा और हनुमतधाम स्थल पर बने रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया गया। रैन बसेरा में समस्त व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं।

कान्हा गौशाला का भी किया निरीक्षण
महानगर के मघई टोला स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। गौशाला में सफाई व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति, प्रकाश बिंदु एवं गौवंश के लिए हरा चारा, भूसा इत्यादि को देखा गया। सारी व्यवस्था चाक-चौबंद मिलने पर नगर निगम टीम शाहजहांपुर की प्रशंसा की गई। कान्हा गौशाला में बीमार गौवंश को पृथक से रखने हेतु सेल बनाये जाने के निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: निगोही पुलिस ने सदर थाने के गेट से सिपाही को किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार