शाहजहांपुर: निगोही पुलिस ने सदर थाने के गेट से सिपाही को किया गिरफ्तार
फर्जी दस्तावेज लगाकर सिपाही के पद पर हुआ था भर्ती
शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना सदर बाजार में तैनात सिपाही हर्ष बैरवाल को थाने के गेट से निगोही पुलिस द्वारा गिरफ्तारी का मामला सोमवार को यहां चर्चा का केन्द्र बना रहा। दरअसल, सिपाही पर वर्ष 2021 में फर्जी दस्तावेज लगाकर सिपाही के पद पर भर्ती होने का मामला थाना निगोही में दर्ज किया गया था।
बुलंदशहर जिले के थाना सिकंदराबाद के गांव गेतपुर निवासी हर्ष बैरवाल 2018 में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। उसकी ट्रेनिंग पुलिस लाइन में हुई थी। ट्रेनिंग खत्म होने के बाद उसकी पहली पोस्टिंग निगोही थाने पर हुई। किसी ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत की थी कि हर्ष बैरवाल फर्जी दस्तावेज लगाकर सिपाही के पद पर भर्ती हुआ है। पुलिस ने उसकी जांच कराई और मामला सही पाया गया।
वर्ष 2021 में सिपाही के खिलाफ फर्जी दस्तावेज को लेकर निगोही थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सीओ सदर अमित चौरसिया इस मामले की विवेचना कर रहे थे। इस दौरान सिपाही के बयान होने के साथ कालेज के प्रिंसिपल आदि के बयान हुए थे। सीओ की जांच में सिपाही दोषी पाया गया। वर्तमान समय में सिपाही हर्ष बैरवाल सदर बाजार थाना में तैनात था।
निगोही प्रभारी निरीक्षक को सूचना मिली कि आरोपी सिपाही सदर बाजार थाना गेट पर खड़ा है। निगोही पुलिस ने सुबह आरोपित को सदर थाने से गिरफ्तार कर लिया और निगोही थाने ले गई। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि सिपाही के खिलाफ एक साल पहले धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज था। उन्होंने बताया कि आरोपी सिपाही का चालान किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सिपाहियों ने डॉक्टर से की मारपीट, जान से मारने की दी धमकी
