अयोध्या: 1792 परिषदीय स्कूलों पर कैसे नजर रखें 11 खंड शिक्षा अधिकारी
गर्मियों की छुट्टी में स्कूलों में रखे खाद्यान्न की निगरानी के निर्देश
अयोध्या/अमृत विचार। गर्मियों की छुट्टियों में परिषदीय स्कूलों की निगरानी के आदेश को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी सांसत में हैं। निर्देश है कि स्कूलों में रखे मध्यान्ह भोजन योजना के खाद्यान्न की निगरानी की जाए। अब संकट यह है कि कुल 11 खंड शिक्षा अधिकारी जिले के 1792 स्कूलों की निगरानी कैसे करें। अब सरकारी स्कूलों में रखे गए खाद्यान्न पर अफसरों की नजर होगी। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए है कि स्कूलों में रखे गये खाद्यान्न पर नजर बनाकर रखें, ताकि खाद्यान्न स्कूलों में सुरक्षित रहे।
बता दें कि परिषदीय स्कूलों में अवकाश घोषित हो गया है। अफसरों के मुताबिक स्कूलों में बच्चों का खाद्यान्न गेहूं और चावल रखा हुआ है। स्कूल बंद है और खाद्यान्न चोरी ना हो इसलिए स्कूलों में जाकर नजर बनाकर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। बीएसए संतोष कुमार राय ने बताया कि परिषदीय स्कूलों में रखा खाद्यान्न सुरक्षित रहें इसलिए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी प्रधान और स्कूल प्रबंध समिति के सदस्यों का सहयोग ले सकते हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि एक तो पहले ही काफी कार्य का बोझ है, छुट्टी के बाद भी स्कूलों की डाटा अपडेशन का कार्य चल रहा है। ऐसे में परिषदीय विद्यालयों की निगरानी कैसे की जा सकती है।
