अयोध्या: रामकथा पार्क में महापौर की शपथ लेंगे गिरीशपति त्रिपाठी, 27 मई की शाम छह बजे शुरू होगा कार्यक्रम
अयोध्या/अमृत विचार। आखिरकार नवनिर्वाचित महापौर और 60 वार्डों के पार्षदों के शपथ ग्रहण की तिथि आ ही गई। शनिवार को रामकथा पार्क में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शाम को छह बजे से शुरू होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में चार से पांच हजार लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसे लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जनपद में नगर निगम समेत सात अन्य निकायों का परिणाम 13 मई को ही जारी हो गया था। उसके बाद से शपथ ग्रहण की तारीखों को लेकर असमंजस बना हुआ था। बुधवार देर शाम प्रमुख सचिव की तरफ से पत्र जारी होने के बाद नगर निगम ने भी डेट फाइनल कर दी। शासन की तरफ से 26 और 27 मई की तिथि जारी की गई थी, जिसके बाद अयोध्या नगर निगम का कार्यक्रम 27 मई को तय किया गया है।
मंडलायुक्त अथवा उनकी अनुपस्थिति में संबंधित जिला मजिस्ट्रेट महापौर को शपथ दिलायेंगे। इसी तरह अन्य निकायों की तस्वीर भी धीरे-धीरे साफ होने लगी है। गोसाईगंज नगर पंचायत में शुक्रवार को अध्यक्ष व सदस्यों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम कराया जाएगा। बता दें कि जनपद के आठ निकायों में चार में भाजपा ने व चार में सपा ने परचम लहराया है। नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी गिरीशपति त्रिपाठी ने महापौर का चुनाव जीता है।
60 वार्डों में भाजपा के 27, सपा के 17, निर्दल व अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों ने भी पार्षदी जीती थी। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि नगर निगम ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। कार्यालय के रंग रोगन के साथ सफाई भी कराई जा चुकी है। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम रामकथा पार्क में होगा। हालांकि अभी यह तय नहीं कि मुख्य अतिथि के तौर पर कौन आ रहा है।
यह भी पढ़ें:-भोजपुरी फिल्मकार सुभाष चन्द्र तिवारी काव संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, होटल के कमरे में मिला शव
