बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कटौती नहीं : ऊर्जा मंत्री
अमृत विचार, लखनऊ । भीषण गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने व स्थानीय फाल्ट से आपूर्ति बाधित होने से राजधानी समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न आने के कारण लोगों को पेयजल की किल्लत भी झेलनी पड़ रही है। इस बीच, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि प्रदेश में किसी तरह की बिजली कटौती नहीं हो रही है। स्थानीय फाल्ट के कारण उपजे संकट को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बुधवार को प्रदेश में लगभग साढ़े चैबीस हजार मेगावाट बिजली की मांग हो रही थी, जबकि प्रदेश में सभी स्रोतों से बिजली का उत्पादन साढे़ तेरह हजार मेगावाट हो रही थी, बाकी बिजली केंद्रीय क्षेत्र से आयात की जा रही थी। सूत्रों के अनुसार बिजली ट्रांसफार्मरों व लाइनों में लोड बढ़ने से स्थानीय फाल्ट बढ़ गए हैं। इससे क्षेत्रों मे बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि 22 मई को प्रदेश में रिकार्ड 26,136 मेगावट बिजली की अधिकतम मांग पहुंच गई थी, मौसम में कुछ सुधार होने से मांग में कुछ कमी आई है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है, जब मई महीने में बिजली की मांग 26 हजार मेगावॉट के ऊपर गई। उन्होंने कहा कि निर्धारित शिड्यूल के अनुरूप प्रदेश के सभी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति उपभोक्ताओं को की जा रही है। इसमें किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की जा रही है।
उपभोक्ताओं से बिजली बचत की अपील
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उपभोक्ताओं के हित में कठोर कदम उठाने व कड़े निर्णय लेने से भी पीछे नहीं हट रही है। अभी उपभोक्ताओं के लिए दी जाने वाली सुविधाओं के समय से न मिलने पर उन्हें मुआवजा देने का प्रावधान किया गया है, इसके लिए सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से देश व प्रदेश हित में बिजली की बचत व इसके संरक्षण करने की अपील की।
ये भी पढें - फर्रुखाबाद : डिप्टी सीएम ने लोहिया अस्पताल का किया निरीक्षण
