आजमगढ़ : पेड़ पर फंदे से लटका मिला साइकिल मिस्त्री का शव, जताई जा रही हत्या की आशंका 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आजमगढ़, अमृत विचार। जिले के कोइलारी बुजुर्ग गांव में ईंट भट्टे के पास पेड़ से लटकता एक युवक का शव मिला है। मृतक की बहन ने कुछ दिन पूर्व भाई के साथ मारपीट करने वालों पर ही उसकी हत्या कर शव लटकाये जाने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टेम के लिए भेज दिया है।  

मिली जानकारी के अनुसार कोइलारी बुजुर्ग गांव निवासी रामजनम (42) का शव बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीणों ने ईंट भट्ठा के पास आम के पेड़ से लटका हुआ देखा। पेड़ पर ही एक पर्ची चस्पा थी, जिस पर तीन लोगों का नाम लिखा हुआ था। मृतक बुधवार की सुबह घर से अपनी साइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर गया था और फिर रात में घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन भी की। बृहस्पतिवार की सुबह शव मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की बहन आरती ने बताया कि तीन-चार दिन पूर्व दुकान पर आसपास के कुछ युवकों ने भाई का विवाद हुआ था। विवाद के दौरान भाई ने गाली दे दिया तो तीन-चार लोगों ने मिल कर भाई को मारपीट कर घायल भी कर दिया था। 

थाने पर दोनों पक्षों को बुलाया गया था, जहां विपक्षियों ने जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद बुधवार को भाई दुकान गए तो वापस नहीं लौटे और सुबह उनका शव पेड़ से लटकता मिला। 

ये भी पढ़ें -लखनऊ: कोचिंग से घर लौट रही छात्रा से छेड़छाड़, दो गिरफ्तार

संबंधित समाचार