
अयोध्या: मुख्य सचिव के जाते ही रामपथ पर फिर गहराया जलापूर्ति संकट, अंगूरीबाग, तेलीटोला समेत गौरा पट्टी में लोग परेशान
अयोध्या, अमृत विचार। इसे संयोग कहें या कुछ और कि बुधवार को मुख्य सचिव के अयोध्या के विकास कार्यों का निरीक्षण कर लौटते ही जलापूर्ति संकट खड़ा हो गया है। गुरुवार को सुबह से रामपथ चौड़ीकरण क्षेत्र के कई इलाकों में जलापूर्ति ठप हो गई है। दोपहर बाद तक इन मोहल्लों में पानी नहीं आया जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम के जलकल विभाग की तीन टीमें लगीं हैं लेकिन खोदाई के कारण पाइप लाइन दुरुस्त करने में बाधा आ रही है। बुधवार को जब मुख्य सचिव अयोध्या से लेकर गुप्तारघाट तक विकास कार्यों का निरीक्षण कर रहे थे तब जलापूर्ति सामान्य थी। वहीं गुरुवार सुबह से फिर नियावां से लेकर अंगूरीबाग क्षेत्र की जलापूर्ति ठप हो गई।
बताया जाता है कि गुदड़ीबाजार - नियावां रोड पर पुराने तरंग सिनेमा हाल के निकट देर शाम खोदे गए गड्डे के कारण दो स्थानों पर पाइप लाइन कट गई। रामपथ निर्माण एजेंसी के कर्मी जब तक जलकल को सूचित करते तब तक पूरे गड्डे में पानी भर गया। जिसके कारण गौरा पट्टी, अंगूरीबाग, नहरबाग, आदि क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप हो गई।
आसपास के लोगों का कहना है कि शाम को खोदे जाने के समय ही टोका गया था लेकिन एजेंसी के कर्मी नहीं माने। जिसके चलते शाम तक तो जलापूर्ति हुई लेकिन गुरुवार सुबह से ठप हो गई। बता दें कि कुछ दिनों पहले लगभग पांच दिनों तक निर्माणाधीन रामपथ से जुड़े क्षेत्रों में आपूर्ति ठप रही।
बड़ी मशक्कत के बाद जलकल प्रभावित इलाकों में जलापूर्ति सामान्य कर सका था। अब गुरुवार को फिर वही संकट खड़ा हो गया है। अधिशासी अभियन्ता जलकल अनूप सिंह का कहना है कि जब तक खोदाई कार्य रहेगा तब तक दिक्कत बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में शीघ्र आपूर्ति बहाल करने के लिए तीन टीमें लगा दी गईं हैं।
यह भी पढ़ें:-वाराणसी: पिता-पुत्र और पौत्र का संदिग्ध हालत में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
Comment List