बरेली: अब नक्शा पास कराने के लिए नए पोर्टल पर करना होगा आवेदन
बरेली,अमृत विचार। अब बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) से छोटे या बड़े भवनों के नक्शा पास कराने के लिए सिर्फ नए पोर्टल पर ही आवेदन किए जाएंगे। पुराने पोर्टल पर जो लंबित नक्शे के आवेदन भी अब नए सिरे से नए पोर्टल पर ही करने होंगे, क्योंकि विकास प्राधिकरण ने इन्हें निरस्त कर दिया है। शहरी …
बरेली,अमृत विचार। अब बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) से छोटे या बड़े भवनों के नक्शा पास कराने के लिए सिर्फ नए पोर्टल पर ही आवेदन किए जाएंगे। पुराने पोर्टल पर जो लंबित नक्शे के आवेदन भी अब नए सिरे से नए पोर्टल पर ही करने होंगे, क्योंकि विकास प्राधिकरण ने इन्हें निरस्त कर दिया है। शहरी नियोजन व आवास के प्रमुख सचिव दीपक कुमार के निर्देश के बाद नए पोर्टल के बारे में लोगों को जानकारी देने की जिम्मेदारी बीडीए के जिम्मेदार अफसरों को दी गई है।
शहरी नियोजन व आवास के प्रमुख सचिव ने बीडीए के कार्यों की समीक्षा करने के बाद नए निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने काफी दिनों से लंबित नक्शों के बारे में गंभीरता से चर्चा की। नक्शे लंबित होने के मामलों में पोर्टल पर आ रही अपलोडिंग की समस्या पर बताया कि साफ्टवेयर अपलोड कर दिया गया है। अब नए पोर्टल पर ओबीपास के नए वर्जन पर ही नक्शे के आवेदन किए जाएंगे। कहा कि इसके बाद किसी भी दशा में नक्शा लंबित नहीं होना चाहिए। जिन लोगों के भवनों के नक्शे पुराने पोर्टल पर हैं, उनको निरस्त समझा जाए और फिर से आवेदन नए पोर्टल पर करने को कहा जाए।
इसके अलावा नामांतरण की रफ्तार भी तेज करने को कहा है। इसके साथ शमन शुल्क योजना के बारे में लोगों को जागरूक करना होगा। इसके दायरे में आने वाले निर्माण को वैध करने की प्रक्रिया तेज कर दी जाए। इसके तहत आफ लाइन व आनलाइन आने वाले आवेदन पत्रों का तेजी से निपटारा किया जाना चाहिए।
“अब नए पोर्टल पर ही भवन के नक्शे पास होंगे। पुराने पोर्टल पर किए गए आवेदन निरस्त हो गए हैं। जिन लोगों ने आवेदन किया था, उनको फिर से आवेदन नए पोर्टल पर करना होगा। शमन शुल्क 2020 का अधिक से अधिक से लोगों को फायदा मिले, इसका प्रयास किया जा रहा है।” -आरके जायसवाल, अधीक्षण अभियंता, बीडीए
