लखीमपुर-खीरी: समझौते के बाद भी वापस नहीं लौटाए उधार दिए 1.38 लाख रुपये, मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। पुलिस चौकी पर समझौता होने के बाद भी आरोपी उधार दिए गए 1.38 लाख रुपये वापस नहीं लौटा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि जब वह रुपये मांगने गया तो आरोपियों ने रुपये देने से इंकार करते हुए गाली गलौज की। जान से मार देने की धमकी देकर उसे भगा दिया। सदर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के मोहल्ला शिवपुरी निवासी रिषभ रस्तोगी ने बताया कि उन्होंने मोहल्ला भरतपुरी कॉलोनी निवासी सुरेंद्र कश्यप व अयोध्यापुरी निवासी शिवम अवस्थी को 1.38 लाख रुपये उधार दिए थे। जिसको लेकर आठ जुलाई 2022 को उसकी दोनों से कहासुनी हो गई थी। उसने मिश्राना चौकी पुलिस को तहरीर देकर रुपये दिलाने की मांग की थी। पुलिस चौकी पर दोनों पक्षों ने आपसी समझौता भी कर लिया था, जिसमें सुरेंद्र कश्यप और शिवम अवस्थी ने तत्काल 20 हजार रुपये देने और शेष रुपये एक माह बाद देने का वादा किया था, लेकिन अब आरोपी फिर रुपये देने से मुकर गए।
समय सीमा समाप्त होने के बाद जब वह रुपये मांगने आरोपी सुरेंद्र कश्यप के घर गया तो विपक्षी भड़क उठे और रुपये देने से इंकार करते हुए गाली गलौज करने लगे। दोबारा रुपये का तगादा करने पर जान से मार देने की धमकी देते हुए उसे घर से भगा दिया। पीड़ित ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: हिंदू बनकर युवती से की शादी, तीन साल बाद मतांतरण का बनाने लगा दबाव
