पाकिस्तान में पोलियो टीम पर गोलीबारी, तीन पुलिसकर्मी घायल

पाकिस्तान में पोलियो टीम पर गोलीबारी, तीन पुलिसकर्मी घायल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में गुरुवार को गोलीबारी हुई जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये। खैबर पुलिस ने एक बयान में कहा कि प्रांत के खैबर जिले में बच्चों को पोलियो का टीका लगाने के लिए डोर-टू-डोर अभियान के दौरान पोलियो कार्यकर्ताओं की सुरक्षा में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था तब अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा पुलिस कर्मियों पर हमला किया गया। 

हमले में पोलियो टीम सुरक्षित रही और क्षेत्र में बच्चों को टीका लगाने का अभियान अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। घायल पुलिसकर्मियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि भागे हुए आतंकवादियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। अभी तक किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

 पांच साल से कम उम्र के 3.5 मिलियन से अधिक बच्चों को टीके लगाने के उद्देश्य से प्रांत के 12 जिलों में पांच दिवसीय पोलियो रोधी अभियान सोमवार को शुरू हुआ। विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2021 से पाकिस्तान में रिपोर्ट किए गए सभी नए पोलियो मामले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दक्षिणी भाग में सात पोलियो-स्थानिक जिलों से हैं। 

ये भी पढ़ें:- Imran Khan ने पाकिस्तान में अघोषित ‘मार्शल लॉ’ लागू होने का किया दावा, न्यायालय में दायर की याचिका