हल्द्वानी: बच्चे उल्टी-दस्त के शिकार, बेस में वार्ड फुल

इमरजेंसी और मेडिसिन वार्ड में किया जा रहा भर्ती

हल्द्वानी: बच्चे उल्टी-दस्त के शिकार, बेस में वार्ड फुल

रोजाना 30 बच्चों में मिल रही उल्टी-दस्त की परेशानी

हल्द्वानी, अमृत विचार। गर्मी बढ़ने से बच्चे उल्टी दस्त के शिकार हो रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इससे सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल का बच्चा वार्ड फुल चल रहा है। हालत यह हैं कि बीमार बच्चों को इमरजेंसी और मेडिसिन वार्ड में भर्ती करना पड़ रहा है।

अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एसएस बिष्ट ने बताया कि ओपीडी में रोजाना 80 से 90 बच्चे आ रहे हैं। इसमें करीब 30 बच्चों में उल्टी-दस्त की परेशानी देखने को मिल रही है। बीते कुछ दिनों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अस्पताल में केवल गंभीर बच्चों को भर्ती किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में 15 बच्चों का उपचार चल रहा है। बच्चों के बीमार होने का कारण तेज गर्मी और दूषित पानी-भोजन है। कहा कि माता-पिता बच्चों को धूप और दूषित भोजन से बचाएं, आरओ या उबालकर पानी पिलाएं, उल्टी-दस्त होने पर ओआरएस का घोल पिलाएं। बतादें कि बेस में 10 बेड का ही बच्चा वार्ड है, जो वर्तमान में उल्टी-दस्त से पीड़ित बच्चों से भरा हुआ है। बाकी बच्चों को मेडिसिन और इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है।

 

ताजा समाचार