रामपुर: तालाब में नहाने गए दो छात्रों की डूबने से मौत, मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

रामपुर/शहजादनगर, अमृत विचार। भीषण गर्मी के चलते तालाब में नहाने पहुंचे सरकारी स्कूल के दो छात्रों की डूबने के कारण मौत हो गई। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना के बाद अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। 

मामला शहजादनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोमिनपुर अहमदाबाद गांव के मझरा से जुड़ा है। तालाब में गांव के ही 12 वर्षीय सुशील पुत्र मदन सिंह अपने एक साथी 11 वर्षीय मैदान सिंह पुत्र गुड्डू यादव दोनों गांव के ही सरकारी स्कूल के छात्र हैं। गुरुवार को दोनों छात्र गर्मी के चलते तालाब पर नहाने पहुंच गए। जिससे नहाते वक्त सुशील गहरे पानी में गया तो वह डूबने लगा।

सुशील को डूबता देख उसका साथी मैदान सिंह उसे बचाने पहुंचा तो वह भी डूब गया। बताया जा रहा है  कि देखते ही देखते दोनों के शव थोड़ी देर में पानी के ऊपर उतराने लगे। जिसके चलते मौके पर काम कर रहे मजदूरों ने दोनों को बाहर निकाल लिया। जब घटना की जानकारी दोनों के परिवारों को लगी तो हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही दोनों छात्रों के परिजन  घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। इसके बाद दोनों छात्रों को आनन-फानन में उपचार के लिए ले जाया गया। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जब घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस चौकी चमरौआ चौकी इंचार्ज को लगी तो वह भी मौके पर पहुंच गए। जिसके चलते परिजनों ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मना कर दिया। दोनो के शव का देर रात अंतिम संस्कार कर दिया गया। मौत के बाद परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।

निर्माणाधीन अमृत सरोवर के निकट तालाब में नहाने के लिए दोनों छात्र गए थे। गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। परिजन दोनों छात्रों के शव बिना पोस्टमार्टम कराए ले गए हैं और अंतिम संस्कार कर दिया है---हरिओम चौहान, थाना प्रभारी, शहजादनगर।

यह भी पढ़ें- रामपुर: मसवासी में तूफानी आंधी-बारिश में महिला पर आम का पेड़ टूटकर गिरा, मौत

संबंधित समाचार