लखनऊ: ट्रैफिक दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मी निलंबित, चेकिंग के दौरान धमकाने और पैसा मांगने का मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/अमृत विचार। वाहन चेकिंग के नाम पर अभद्रता करने, छोड़ने के एवज में पैसा मांगने और धमकी देने के मामले में शुक्रवार को ट्रैफिक डीसीपी रईस अख्तर ने इंदिरा नगर के ट्रैफिक दरोगा समेत पांच पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें टीएसआई अनिल कुमार, सिपाही अंकित कुमार, लवकुश, मुनेंद्र सिंह और पिंटू शामिल हैं। वहीं ट्रैफिक डीसीपी ने मामले की जानकारी एसीपी ट्रैफिक को सौंपी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अयोध्या रोड पर इंदिरा नगर के समीप टीएसआई अनिल कुमार व शेष आरोपी वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच गोरखपुर नंबर की एक कार आती दिखी। कार सवार विदेश से आ रहे अपने रिश्तेदार को एयरपोर्ट से लेने जा रहे थे।

आरोपियों ने कार रोक कर चेकिंग के नाम पर कई झूठे आरोप लगाते हुए मोटी रकम का चालान करने की धमकी दी। कार चालक के गिड़गिड़ाने पर छोड़ने के एवज में घूस की मांग की। देने से इनकार करने पर अभद्रता की और कार सीज करने की धमकी दी। पुलिस कर्मियों ने वर्दी पर बॉडी वॉर्न कैमरे भी नहीं लगाये थे।

कार चालक ने इसकी जानकारी ट्रैफिक डीसीपी रईस अख्तर से की तो उन्होंने टीएसआई समेत सभी पांच पुलिस कर्मियों को तत्काल निलंबित करते हुए एसीपी ट्रैफिक से मामले की जांच रिपोर्ट मांगी है। रईस अख्तर ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।

ये भी पढ़ें - विश्व शांति के लिए योग दिवस एक महत्वपूर्ण कड़ी : महापौर

संबंधित समाचार