बरेली: सिक्योरिटी गार्ड की हत्या करने वाला ट्रेनों में करने लगा मोबाइल चोरी, GRP ने पकड़ा
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। जीआरपी बरेली जंक्शन ने शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। बदमाश पर नोएडा में एक सिक्योरिटी गार्ड की हत्या का भी आरोप है। बाल सुधार गृह से छूटकर आने के बाद आरोपी ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने लगा। शनिवार को संदिग्ध लगने पर जीआरपी ने पूछताछ की तो उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि उनका स्टाफ प्लेटफार्म नंबर पांच पर ड्यूटी कर रहा था। तभी संदिग्ध लगने पर युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम अनमोल निवासी थाना जलालाबाद शाहजहांपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने कई ट्रेनों के अंदर चोरी की घटनाएं करने की बात कबूली। उसकी गिरफ्तारी से गाजीपुर निवासी महिला का अप्रैल में ट्रेन संख्या 14611 में पर्स चोरी का भी खुलासा हुआ। आरोपी अनमोल सिक्योरिटी गार्ड की हत्या के आरोप में चार साल बाल सुधार गृह में रहा। वहां से बाहर आने के बाद चोरी करने लगा। उसपर गौतमबुद्ध नगर के अलग-अलग थानों में गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: दिव्यांगजनों को 'शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार' की आवेदन की तिथि बढ़ी, ऐसे करें अप्लाई
