Banda: तेज रफ्तार में दौड़ेगी ट्रिपल इंजन वाली नपा की विकास एक्सप्रेस, रामलीला मैदान में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण का आयोजन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा के रामलीला मैदान में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण का शानदार आयोजन।

बांदा के रामलीला मैदान में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण का शानदार आयोजन। जिलाधिकारी ने नव निर्वाचित चेयरमैन समेत सभासदों को शपथ दिलाई।

बांदा, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद बांदा की भाजपा से निर्वाचित अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू को शनिवार को जनता जनार्दन से खचाखच भरे रामलीला मैदान में जिलाधिकारी ने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष नगर पालिका परिषद ने समेत सभी 31 वार्डों के नव निर्वाचित सभासदों को शपथ ग्रहण कराया और इसी के साथ ही नगर के विकास का नया अध्याय आरंभ हो गया। 

मालती बासू ने कहा कि नगर विकास के नये आयामों तक पहुंचाने में वह कोई कसर नहीं छोडेंगी। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्यमंत्री और सदर विधायक समेत अन्य भाजपा नेताओं ने भरोसा दिलाया कि जनता के विश्वास की एक-एक पाई के कर्ज को उतारने का काम किया जायेगा।

नगर के रामलीला मैदान में शनिवार दोपहर आयोजित शानदार कार्यक्रम के बीच जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल ने नगर पालिका परिषद की नवनिर्वाचित चेयरमैन मालती गुप्ता बासू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद पालिकाध्यक्ष ने 31 वार्डों के सभासदों का शपथ ग्रहण कराया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि शहर की जनता ने दो तिहाई बहुमत के साथ भाजपा का नगर पालिकाध्यक्ष को चुना है।

इसलिये ट्रिपल इंजन वाली सरकार में विकास की इतनी बड़ी रेखा खींची जायेगी, जिसे शहरवासी हमेशा याद रखेंगे। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि जिले के इतिहास में पहली बार किसी दल को बोर्ड में पूरे बहुमत के साथ अध्यक्ष मिला है, इसलिए ट्रिपल इंजन वाली नगर पालिका के विकास एक्सप्रेस की रफ्तार भी तेज होगी। जनता का यह निर्णय शहर को न केवल विकास के रास्ते पर ले जायेगा, बल्कि भव्य बांदा के निर्माण में भी सहायक सिद्ध होगा और उज्जवल भविष्य की गाथा लिखेगा।

Banda Hindi News  (1)

उन्होने कहा कि जनता ने जिस प्रकार से भाजपा में विश्वास जताया है उसकी एक-एक पाई उतारी जाएगी। पूर्व भाजपा अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू ने कहा कि सभी पदाधिकारी शपथ के अनुरूप कार्य करें। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी कमलावती सिंह ने कहा कि विकास के मामले में नगरपालिका बांदा नई इबारत लिखने का काम करेगी।

समारोह को पूर्व भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम पांडेय, संतोष गुप्ता, अशोक त्रिपाठी जीतू, अखिलेश श्रीवास्तव, बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष अयोध्या सिंह पटेल समेत तमाम पार्टी नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिपाठी ने किया। नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू ने कहा कि जलभराव से शहर को छुटकारा दिलाया जाएगा। इसके साथ ही महानगरों की भांति चौराहों को भव्य स्वरूप प्रदान किया जायेगा। शहर को जाम के झाम से भी जल्द निजात दिलाई जायेगी।

नगर की व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने जनता से भी सुझाव मांगे और भरोसा दिया कि जन भावनाओं के अनुरूप ही कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, सदस्य महिला आयोग प्रभा गुप्ता, पूर्व विधायक बबेरू चंद्रपाल कुशवाहा, पूर्व नपा चेयरमैन राजकुमार राज व विनोद जैन, कल्लू राजपूत, ममता मिश्रा, शीला सिंह, वंदना गुप्ता, शिवपूजन गुप्ता, निकाय चुनाव प्रभारी अखिलेशनाथ दीक्षित, नरेंद्र सिंह नन्ना सहित तमाम पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा नेता रामकिशुन गुप्ता बासू ने सभी आगंतुकों का आभार जताया।

संबंधित समाचार