आगरा : चिकित्सक दंपती ने गेट को अवैध बता उसे हटाने का प्रयास किया, मामला पुलिस तक पहुंचा..
अमृत विचार, आगरा । आगरा में एमजी रोड 2 पर स्थित जगदीशपुरा के प्रतापनगर कालोनी में 12 फुट गली के गेट ने चांदी कारोबारी और चिकित्सक दंपती में रार करा दी। चिकित्सक दंपती ने गेट को अवैध बताकर उसे हटाने का प्रयास किया तो मामला पुलिस तक पहुंच गया। दोनों पक्ष ने तहरीर दी और फिर थाने में सुलह हो गई। चांदी कारोबारी ने अभियोग दर्ज कराई, चिकित्सक दंपती ने पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाकर पुलिस उपायुक्त से शनिवार को शिकायत की। प्रताप नगर निवासी चांदी कारोबारी गौरव बंसल की पत्नी ने जगदीशपुरा थाने में डाक्टर भूपेंद्र गुप्ता, डाक्टर गरिमा गुप्ता आदि के विरुद्ध बलवा, मारपीट, तोड़फोड़ समेत अन्य धाराओं में अभियोग दर्ज कराया है।
कारोबारी का कहना है कि गेट कालोनी वालों की सहमति से सुरक्षा के चलते लगाया गया है। वहीं, डाक्टर गरिमा गुप्ता का कहना है कि उनके और कारोबारी के घर के बीच 12 फिट की गली में गेट लगा है। गली की नाली में गंदगी से मकान में रहने वालों को परेशानी होती है। जिसकी शिकायत वह करीब छह महीने से नगर निगम और विकास प्राधिकरण से कर रही है, सुनवाई नहीं हो रही। 23 मई का ताला खोलने पर विवाद हुआ था। भाजयुमाे पदाधिकारी मौके पर आकर उनसे और पति से हद दर्जे की अभद्रता की। पुलिस चिकित्सक पति को पकड़कर थाने ले गई। दबाव में एक पक्ष का अभियोग दर्ज कर लिया, जबकि तहरीर उन्होंने पहले दी थी।
पुलिस उपायुक्त विकास कुमार का कहना है कि पुलिस जांच के बाद कोई कार्रवाई करेगी। गेट वैध है या अवैध, इस बारे में नगर निगम और विकास प्राधिकरण से जानकारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें - अलीगढ़ : एएमयू के प्रोफेसर पर छात्रा ने लगाया गंभीर आरोप, शोध पत्र जमा करने को लेकर किया था अश्लील मांग
