Farrukhabad: वृद्ध की कुल्हाड़ी से की थी हत्या, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन, बोले- नहीं करेंगे अंतिम-संस्कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में वृद्ध का अंतिम-संस्कार करने से परिजनों ने मना किया।

फर्रुखाबाद में वृद्ध की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। खेत में फसल की रखवाली करते वक्त रात में कुल्हाड़ी मार कर हत्या करने के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इसकी जानकारी पर पुलिस गांव पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत किया। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस की निगरानी में ढाईघाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। 

शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव ऊगरपुर निवासी 75 वर्षीय नन्हेलाल शुक्रवार रात को घर से एक किलोमीटर दूर खेत में मक्का की फसल की रखवाली करने गए थे। रात में वही चारपाई पर लेट गए। उनकी कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी गई। सुबह चाय देने खेत पर पुत्र अमृत कुमार गया तो उसको पिता लहूलुहान चारपाई पर पड़े मिले थे। पुत्र अमृत कुमार ने चार लोगों के खिलाफ जमीनी रंजिश में पिता की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन घर ले गए।

रविवार सुबह परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इसकी जानकारी पुलिस को हुई। थानाध्यक्ष मनोज कुमार भाटी पुलिस कर्मियों के साथ गांव में वृद्ध के घर पहुंचे। परिजनों को समझाया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी किए जाने का आश्वासन दिया। इससे परिजनों का गुस्सा शांत हो गया। परिजन शव लेकर ढाईघाट गए। वहां पुलिस की निगरानी में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार भाटी ने बताया कि शव का अंतिम संस्कार करवा दिया गया है।

संबंधित समाचार