अमेठी: राजस्व विभाग की सांठ-गांठ से तालाब और नवीन परती की जमीन को प्लाटिंग कर बेंच रहे भूमाफिया
अमेठी, अमृत विचार। जायस नगर पालिका क्षेत्र में बेशकीमती जमीनों पर राजस्व की सांठ गांठ से भूमाफिया लोग पहले कब्जा कर रहे हैं। फिर प्लाटिंग कर उसे बेंच दे रहे हैं। मामला उजागर होने पर राजस्व कर्मी भूमाफियाओं को संरक्षण देते हुए सिक्को की खनक पर उसे बेदखली की नोटिस थमा उसे ठंडे बस्ते में डाल देते हैं। गरीब मजलूमों की झोपड़ियों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाओ अभियान में राजस्व कर्मी अपना दबदबा बना लेते हैं।
जायस कस्बे के खरका में वाटर बॉक्स के पास गाटा 6077 जो राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के नाम पर दर्ज है। उस पर कस्बे का ही नामी गिरामी भूमाफिया ने पहले प्लाटिंग की फिर उसे बेंचना शुरू कर दिया है। नगर पालिका जायस क्षेत्र में इन दिनों खाली पड़ी तालाब, खलिहान, नवीन परती की जमीनों पर भूमाफियाओं की निगाहें टिकी हैं। कुछ भूमाफिया प्लाटिंग कर बेंच रहे हैं तो कुछ मकान का निर्माण कर रहे हैं।
शिकायत के बाद राजस्व कर्मी शिकायत कर्ता को ही धमकी देते हैं। खरका में वाटर बॉक्स के पास गाटा संख्या 6077 जो राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के नाम दर्ज है। कस्बे के ही नामी गिरामी भूमाफिया मो. कय्यूम पर नवीन परती की जमीन पर कब्जा करने पर राजस्व टीम ने वर्ष 2016 में एफआईआर दर्ज किया था।
बे दखली की कार्यवाही के बाद तहसीलदार न्यायालय से फरवरी 2020 में नवीन परती की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने का आदेश पारित हुआ था। साथ ही अतिक्रमण में आने वाले खर्च का अतिक्रमणी से प्रतिकर वसूलने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन सिक्को की खनक से काबिल राजस्व की टीम की कार्यवाही की रफ्तार धीमी पड़ गई।
यही कारण रहा कि तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी तहसीलदार न्यायालय के आदेश का अनुपालन नहीं करा सकी। लेकिन काबिल राजस्व टीम ने कागजों में नवीन परती की जमीन को अतिक्रमण मुक्त दिखा दिया और अतिक्रमणी मो. कय्यूम को क्षतिपूर्ति के रूप में 26505 रुपये व निष्पादन व्यय के रूप में 1000 रुपये की नोटिस थमाने की रिपोर्ट भेज दी।
जबकि भूमाफिया मो. कय्यूम द्वारा अतिक्रमण किया गया भूखंड आज भी सुरक्षित हैं। बताते है कि यही राजस्व कर्मी गरीब मजलुमो के आशियाने पर बुल्डोजर का रौब दिखाकर अतिक्रमण हटाओं अभियान में अपना दबदबा बना लेती है।
यह भी पढ़ें:-अमेठी: राजकीय सम्मान के साथ सेना के जवान का हुआ अंतिम संस्कार, नम आंखों से लोगों ने दी विदाई
