Kanpur का चकेरी बना देश का दूसरा जामताड़ा, इन इलाकों में सक्रिय एटीएम हैकर्स, वारदात का तरीका जानकर हो जाएंगे हैरान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के चकेरी से लेकर महाराजपुर तक एटीएम हैकर सक्रिय है।

कानपुर के चकेरी से लेकर महाराजपुर तक एटीमए हैकर का गिरोह सक्रिय है। गिरोह के सदस्य महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल समेंत कई राज्यों में वारदातों को अंजाम देने जाते है।

कानपुर, अमृत विचार। सजारी गांव निवासी रामशरण द्विवेदी ने बैंक में खाता खुलवाया। खाता खुलवाने के बाद गांव के ही एक युवक ने उनके खाते में दस हजार डलवाकर एटीएम की मांग की। एटीएम देने पर युवक ने एटीएम से छेड़छाड़ कर उनके खाते से कई बार पैसे निकाले।

मामला जानकारी में आने पर पीड़ित ने पुलिस ने शिकायत की, जांच के दौरान पता चला युवक एटीएम हैकर्स गिरोह का सक्रिय सदस्य था और अलग-अलग स्थानों पर स्थित एटीएमों से छेड़छाड़ कर घटनाओं को अंजाम दिया करते थे। यह मामला तो एक बानगी मात्र है। इस  तरह के न जाने कितने मुकदमें एटीएम हैकर्स के खिलाफ चकेरी व महाराजपुर थाने के साथ ही देश के कई प्रदेशों में अनगिनत मुकदमें दर्ज हैं। 

चकेरी थानाक्षेत्र के कई इलाकों में करीब 300 से अधिक एटीएम हैकर्स गिरोह के सक्रिय सदस्य मौजूद है, जिस कारण चकेरी को देश का दूसरा जामताड़ा भी कहा जाता है, यहां के रहने वाले साइबर ठगों पर एक वेबसीरीज भी बन चुकी है। छोटे से जिले जामताड़ा के बाद शहर का चकेरी क्षेत्र भी साइबर ठगी व एटीएम छेड़छाड़ की वजह से दूसरा जामताड़ा बन चुका है। बीते कुछ सालों में उत्तर प्रदेश के साथ देश भर के अन्य प्रदेशों में चकेरी के कई युवक एटीएम लूट व एटीएम छेड़छाड़ के मामले में पकड़े जा चुकें है।

चकेरी इलाके के एटीएम हैकर्स इतने शातिर है कि इनकों दूसरे राज्यों के अपराधी एटीएम से छेड़छाड़ के लिए ठेके पर हैकरों को बुलाया जाता है। दूसरे राज्यों में घटनाओं को अंजाम देने के बाद निकाली गई रकम का 50 प्रतिशत हिस्सा इन हैकरों को दिया जाता है। अच्छा पैसा मिलने पर यहां से एटीएम हैकरों का सरगना अपनी टीम के साथ उन राज्यों में जाकर वारदातों को अंजाम देते है।

एटीएम से छेड़छाड़ के शातिराना अंदाज के कारण इन हैकरों को युवकों को ट्रेनिंग देने के लिए बुलाया जाता है। बीते दिनों केरल, सिक्किम व पश्चिम बंगाल की पुलिस एटीएम हैकर्स की गिरफ्तारी के लिए शहर के आई थी और कई हैकर्स को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया था। 

बच्चों को फुसला कर बना रहे अपराधी 

चकेरी के एटीएम हैकर्स का गिरोह एटीएम के साथ छेड़खानी व हैकिंग की ट्रेनिंग बच्चों को फुसला कर दे रहे है। एक्सपर्टस ने बताया कि छापेमारी के दौरान पकड़े गए कम उम्र के हैकर्स ने बताया कि लग्जरी कार, ब्रांडेड कपड़े, चश्में व मंहगे मोबाइल फोन समेंत लग्जरी लाइफ स्टाइल की चकाचौंध दिखाकर छोटे-छोटे बच्चों को गुमराह किया जाता है, जिसमें गुम होकर बच्चे कब अपराध की राह पकड़ लेते हैं।

इन इलाकों में सक्रिय है हैकर्स

चकेरी स्थित अहरिवां, एचएएल कालोनी, पटेल नगर, विमान नगर, गांधीग्राम, कृष्णा नगर, श्याम नगर, सनिगवां समेंत आदि स्थानों पर 300 से अधिक एटीम हैकर्स सक्रिय हैं। यहां रहने वाले हैकरों को पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड समेंत कई राज्यों की पुलिस गिरफ्तारी करने को आ चुकी है। 

इनकी हो चुकी है गिरफ्तारी

विमान नगर निवासी अभिषेक यादव, रामादेवी निवासी मोहित गौतम, पीएसी ओल्ड लाइन निवासी ऋषि कश्यप, गिरजा नगर निवासी अभिजीत यादव, न्य पीएसी लाइन निवासी मोहम्मद फैज, लाल बंगला निवासी मनीष कुमार, गिरजा नगर निवासी मनीष यादव, श्याम नगर निवासी विजय सरकार, सौरभ सिंह, शिवकटरा निवासी किशन कश्यप, विमान नगर निवासी सूरज अग्निहोत्री समेत अन्य हैकरों की पुलिस कई बार गिरफ्तारी कर चुकी है।

कुछ इस तरह देते है वारदात को अंजाम

एटीएम हैकर्स गिरोह के सदस्यों का घटना को अंजाम देने का तरीका बेहद शातिराना है। घटना को अंजाम देने से पहले हैकर्स एटीएम में लगे सीसीटीवी की नजरों से बचने के लिए टोपी व हुडी का इस्तेमाल करते है। इसके साथ ही एटीएम से रकम निकालने के दौरान हैकर्स मशीन से निकले ऊपर व सबसे नीचे लगे नोटों को छोड़कर बाकी बीच की रकम निकाल लेते है। ऊपर व नीचे के नंबर वाले नोट मशीन में वापस जाने पर नंबरों में फर्क नहीं पड़ता, जिससे खाताधारक के खाते से पैसा नहीं कटता है।

श्याम नगर में दी जाती है ट्रेनिंग

चकेरी थानाक्षेत्र एटीएम से छेड़छाड़ कर रकम ठगने वालों का गढ़ बन गया है। क्षेत्र के बड़े हैकर्स में शुमार कमलकांत, रितेश, टीटू पंडित, कुलदीप पाल, राजवर्धन, यशवर्धन क्षेत्र में अपना गिरोह चलाते है। इनके गैंग के कई गुर्गे श्याम नगर में युवाओं को बकायदा ट्रेनिंग दे कर पैसा पार करने की कला सिखाई जाती है। इसके साथ ही यह भी प्रशिक्षण दिया जाता है कि वारदात को अंजाम देने के दौरान मौजूद गार्ड की नजर से भी बचा सके।

श्याम नगर में चर्चित है ठाकुर साहब का गैंग

 श्याम नगर में सक्रिय गिरोह में क्षेत्र के कई सफेदपोश लोग भी शामिल हैं। करीब ड़ेढ साल पहले ठाकुर साहब नाम से चर्चित गिरोह के सरगना ने आगरा में एटीएम मशीन में पैसा भरने वाली वैन में नौकरी की। एटीएम में पैसा भरने के दौरान सरगना ने मशीन में लगने वाली चाभी हासिल कर एक क्लोन चाभी बनवाई और मशीन में रुपया भरने के बाद गैंग सदस्यों के साथ मिलकर रूपयों को पार किया। काफी समय बाद मामला खुलने पर ठाकुर साहब व उनके गैंग के सदस्यों को गिरफ्तारी की गई। जेल से आने के बाद गैंग के सदस्य फिर से इलाके में सक्रिय है।

युवाओं, मजदूरों व जनधन खाताधारकों को बनाते है निशाना

साइबर क्राइम टीम के एक्सपर्टस ने बताया कि जांच पड़ताल के दौरान गैंग के सदस्यों से पास से मिले अधिकांश एटीम नए युवाओं, गरीब मजदूरों व जन धन खाताधारकों के है। उन्होंने बताया कि इन लोगों से हैकर्स एटीएम दो से तीन महीनों के लिए ले जाते है और जनपद समेंत अन्य प्रदेशों में जाकर उनके एटीएम के माध्यम से पैसों को पार किया जाता है, जिसके एवज में खाते से निकाली गई रकम का 10 से 20 प्रतिशत खाताधारकों को दिया जाता है।

एटीएम मशीन से कार्ड लगाकर पैसा निकालने के कई मामले सामने आए है। इसे रोकने के लिए एटीएम मशीन को अपडेट करने की जरूरत है, ताकि जब पहला और आखिरी नोट वापस मशीन पर जाए तो मशीन उस फर्जीवाड़े को पकड़ सकें। इस पर काम चल रहा है। इसे रोकने के लिए आनलाइन भुगतान पर जोर दिया जा रहा है।- रक्षित टंडन, साइबर क्राइम एक्सपर्ट

संबंधित समाचार