गोंडा : पारिवारिक कलह में पति ने पहले पत्नी और फिर खुद को घोंपा चाकू
इलाज के दौरान पत्नी की मौत, घायल पति का सीएचसी में चल रहा इलाज
तरबगंज/ गोंडा, अमृत विचार। तरबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शीशव के डलई पुरवा में पारिवारिक कलह के चलते पति ने अपनी पत्नी को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद खुद को भी चाकू मार कर घायल कर लिया। चाकू लगने से दोनों पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए तरबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां पत्नी की मौत हो गयी जबति पति का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।
तरबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शीशव के डलई पुरवा निवासी राजाराम की बेटी आरती (25) की शादी एक साल पहले तरबगंज के मोहनपुर गांव में राजकुमार के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही पति-पत्नी में आए दिन तकरार होती थी। इस कलह से परेशान होकर आरती अपने मायके चली गयी थी। सोमवार को आरती का पति राजकुमार अपनी ससुराल के बगल स्थित बगिया पुरवा गांव में अपनी एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गया था। समारोह में उसकी पत्नी आरती भी आई थी। वहीं पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इस विवाद के बीच ही राजकुमार ने आरती पर चाकू से हमला कर दिया। राजकुमार ने आरती के गले पर ताबड़तोड़ कई वार किए जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी और उसे बेहोश हो गयी। पत्नी को जमीन पर गिरा देख आरोपी राजकुमार ने खुद को भी चाकू मार लिया और बेहोश होकर गिर पड़ा। इस वारदात को देखकर गांव में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गयी।
मौके पर पहुंची तरबगंज थाने की पुलिस ने दोनों को सीएचसी तरबगंज पहुंचाया जहां से डाक्टरों ने आपकी की हालत को गंभीर बताते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय आरती की रास्ते में मौत हो गयी जबकि घायल राजकुमार का सीएचसी पर इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष मनोज पाठक ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें - सहारनपुर में गौरव यात्रा से बवाल, इंटरनेट सेवा बंद - धारा 144 लागू
