अमेठी : ट्रेलर में पीछे से घुसी बोलेरो, दो की मौत - एक घायल
मुसाफिरखाना / अमेठी, अमृत विचार। जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली अंतर्गत हाइवे पर खड़ी ट्रेलर से तेज रफ्तार बोलेरो की पीछे से टक्कर हो गयी। इस दुर्घटना में बोलेरो सवार तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची ने घायल को अस्पताल भिजवाया है जबकि शवों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
घटना मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में फोरलेन हाईवे बाईपास पर धरौली मोड़ के पास स्थित हनुमत कृपा पेट्रोल पंप के सामने रात लगभग पौने नौ बजे हुई। पेट्रोल पंप के सामने हाइवे पर एक ट्रेलर पहले से खड़ा था। मिली जानकारी के अनुसार सुलतानपुर से सफदरगंज जा रही तेज रफ्तार बोलेरो यूपी 31 बीएन 2150 हाइवे पर खड़ी ट्रेलर में पीछे से घुस गई। इस घटना में बोलेरो चालक कानपुर निवासी शीलू और सामने वाली सीट पर बैठे एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि पीछे की सीट पर बैठा कानपुर निवासी रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची मुसाफिरखाना कोतवाली पुलिस की टीम ने घायल को स्थानीय सीएचसी भिजवाया। जहाँ से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घंटों मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को ट्रेलर से अलग कर मृतकों के शवों को बाहर निकाला। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
ये भी पढ़ें - बहराइच : शादी समारोह से लापता भाई-बहन नदी में डूबे, शुरू हुई तलाश
