बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय का नैक टीम ने शुरू किया मूल्यांकन
आरआईएफ और यूएसएससी, महिला छात्रावास का किया भ्रमण
बरेली, अमृत विचार। मूल्यांकन के लिए नैक की पांच सदस्यीय टीम ने महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में सोमवार सुबह से निरीक्षण शुरू कर दिया है। यह टीम तीन दिन तक विश्वविद्यालय में भ्रमण करेगी। टीम में चेयरमैन प्रो. बूटा सिंह सिद्धू, सदस्य समन्वयक प्रो. नरसिंहा बी, सदस्य प्रो. सरत कुमार स्वैन, इंद्रानी फूकन और राजसेकरन बालाकृष्नन मौजूद रहे।
पहले दिन टीम ने अधिकांश विभागों में भ्रमण कर वहां की रिपोर्ट देखी। टीम ने शिक्षकों से पाठ्यक्रम, कक्षाओं, लैब, प्लेसमेंट और अन्य जानकारी लीं। टीम ने इसके अलावा रुहेलखंड इंक्यूबेशन फाउंडेशन (आरआईएफ), यूनिवर्सिटी स्टूडेंट सपोर्ट सेंटर (यूएसएससी), स्टूडेंट्स ई-कॉनर्र, महिला छात्रावास का भ्रमण किया। टीम का वैदिक मंत्रोच्चारण और पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।
विश्वविद्यालय को पिछली बार नैक मूल्यांकन में 2.55 प्वाइंट के साथ बी ग्रेड मिला था। 24 मई 2021 को विश्वविद्यालय का नैक मूल्यांकन समाप्त हो गया था। इसके बाद से विश्वविद्यालय नैक मूल्यांकन की तैयारियों में जुटा हुआ था।
कई बार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के समक्ष प्रस्तुतीकरण भी दिया गया था। विश्वविद्यालय ने पिछले महीने एसएसआर (सेल्फ स्टडी रिपोर्ट) सबमिट की थी। विश्वविद्यालय इस बार ए प्लस प्लस ग्रेड पाने की तैयारी कर रहा है। जब से टीम के आने की जानकारी फाइनल हुहुई तब से तैयारियां तेज हो गईं। विश्वविद्यालय के विभागों का रंगरोगन कर पूरी तरह से काया पलट दी गई।
ई-रिक्शे से विभागों में पहुंच रही टीम
सोमवार से नैक टीम के दौरे पर विश्वविद्यालय परिसर में ई-रिक्शे संचालित कर दिए गए। इसमें दो रिक्शा विश्वविद्यालय के द्वारा खरीदे गए हैं। इन ई-रिक्शों की मदद से छात्र एक दूसरे विभाग में जा सकेंगे। नैक की टीम ने भी इनमें से एक ई-रिक्शे में अलग-अलग विभागों व स्थानों पर जाकर भ्रमण किया। सबसे पहले नैक टीम का कुलपति प्रो. केपी सिंह के कार्यालय में परिचय हुआ। इसके बाद निरीक्षण शुरू हुआ।
निरीक्षण के दौरान कुलपति भी मौजूद रहे। इसके बाद टीम ने आरआईएफ, पादप विज्ञान विभाग, बाटनिकल गार्डन, वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम, शिक्षा विभाग, महिला छात्रावास, इंजीनियरिंग विभाग, रिजल्ट सेक्शन, यूएसएससी और अन्य शैक्षिक विभागों में भ्रमण किया।
शाम के वक्त कुलसचिव और वित्त नियंत्रक से भी मुलाकात की और अटल सभागार में छात्रों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मंगलवार को टीम स्पोर्ट्स कांप्लेक्स और अन्य स्थानों पर भ्रमण करेगी। सोमवार को भ्रमण के दौरान कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार, प्रो. संजय मिश्रा, प्रो. पीबी सिंह, प्रो. जेएन मौर्या, प्रो. एके सिंह, प्रो. आलोक श्रीवास्तव और अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली: महबूबा मुफ्ती के मंदिर जाने पर भड़के मौलाना शहाबुद्दीन, जानिए क्या कहा?
