अयोध्या : पहले ही चरण में अटकी निजी स्कूलों से मुकाबले की योजना
अमृत विचार, अयोध्या। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित परिषदीय विद्यालयों में भी छात्र-छात्राओं को निजी विद्यालयों जैसे इंग्लिश मीडियम शिक्षा दिए जाने की कवायद एक चरण के बाद आगे नहीं बढ़ पाई। पहले चरण में चयनित 66 प्राथमिक विद्यालयों में बकायदा अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जा रही है, जबकि दूसरे चरण में चयनित 75 प्राथमिक विद्यालय एवं 19 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कवायद आगे नहीं बढ़ सकी।
अप्रैल 2018 में कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दिए जाने के लिए जिले के 66 विद्यालयों का चयन किया गया था। उसके बाद इन विद्यालयों में अंग्रेजी से शिक्षा देने के लिए बकायदा शिक्षकों का परीक्षा के माध्यम से चयन किया गया और विद्यालय में अग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। इसके बाद वर्ष 2019-20 में दूसरा चरण की कवायद शुरू हुई, जिसके तहत 75 प्राथमिक विद्यालय एवं 19 उच्च प्राथमिक विद्यालयों का चयन किया गया। इन स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाने के लिए विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक शिक्षिकाओं ने आवेदन किया। आवेदित शिक्षकों की परीक्षा भी कराई गई, लेकिन उसके बाद से अब तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। इसी दौरान अब गर्मी की छुट्टी हो गई है जिसके कारण जून के बाद ही विभाग कवायद शुरू कर सकेगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि सब कुछ चयनित है, शिक्षकों की तैनाती की जानी है। जुलाई तक पूरी कर दी जाएगी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आश्वासन पर भी नहीं भरोसा, धरने पर बैठे होम्योपैथिक फार्मासिस्ट
