अमरोहा : दहेज की बलि चढ़ी दो महिलाएं, एक की हत्या कर शव फंदे पर लटकाया तो दूसरी लटकी मिली
विवाहिता की हत्या में पुलिस ने पति रोहताश और उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। दहेज के दानवों ने एक विवाहिता को मौत के घाट उतारने के बाद फंदे पर लटका दिया तो दूसरी का शव फंदे से लटका मिला। जानकारी मिलते ही मायके वाले भी पहुंच गए और दोनों मामलों में दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने कमलेश की हत्या में मायके वालों की तहरीर पर पति रोहताश और उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद संभल के थाना कैलादेवी के गांव तारनपुर निवासी प्रेमराज ने अपनी पुत्री कमलेश का विवाह 27 फरवरी 2023 को ग्राम गंगानगर निवासी रोहताश के साथ किया था। बुधवार सुबह कमलेश का शव घर में फंदे पर लटका हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर मायके वाले बेटी की ससुराल पहुंच गये। उन्होंने कमलेश की दहेज के लिए हत्या किये जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। खबर लगते ही रहरा थाना इंस्पेक्टर अरविंद कुमार त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। कमलेश के मायके वालों ने बताया कि उनकी बेटी को काफी दिनों से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार इसको लेकर दोनों पक्षों में बातचीत भी हुई थी, लेकिन बेटी की ससुराल के लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे।
उधर, हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रुद्रपुर में बुधवार सुबह सुमन पत्नी डोरी (24) अपने पति ससुर व सास के साथ गन्ने के खेत में निराई करने गई हुई थी, लेकिन वह पशुओं के लिए घास लेकर खेत से अकेली घर आ गई। बाद में पति आया तो पत्नी को घर ना पाकर उसे इधर-उधर तलाश की। पति ने कमरे का दरवाजा खोला तो सुमन का शव लेंटर के कुंदे में दुपट्टा से लटका था।
पत्नी को फंदे पर लटका देख डोरी की चीख निकल गई। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने मृतका के जेठ व जेठानी पर झगड़ा करने व मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गांव के संभ्रांत लोगों द्वारा फैसले के प्रयास किए जा रहे थे। क्राइम इंस्पेक्टर जितेंद्र बालियान ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और सीओ हसनपुर भी पहुंचे। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : आजम खां के भड़काऊ भाषण मामले में कोर्ट में दो गवाहों के हुए बयान
