जालौन : 25 हजार के इनामी बदमाशों से हुई पुलिस की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार
अमृत विचार, जालौन। शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत करमेर रोड पर हाईवे पुल के पास कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ अंतर्जनपदीय 25-25 हजार के इनामी बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।ये तीनों कानपुर देहात के अलग अलग क्षेत्र के रहने वाले बताए गए। इनके पास से चोरी की बाइक, दो तमंचा और नगदी बरामद हुई है।
बुधवार की देर रात शहर कोतवाली पुलिस एसओजी टीम और सर्विलांस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी की करमेर रोड पर बदमाश किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। तीनों टीमों ने मिलकर करमेर रोड पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान हाईवे पुल के पास सफेद कलर की बाइक से तीन लोग खड़े नजर आए। पुलिस ने जब उन्हें टोका तो तीनों ने भागते हुये पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की जिससे एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वही गिर पड़ा। पुलिस ने घेरकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार हुए बदमाशों में कानपुर देहात के मंगलपुर कस्बे के रहने वाले मान सिंह उर्फ भोला कंजर के पैर में गोली लगी जबकि उसके दो अन्य साथी कानपुर देहात के शिवली निवासी जयसिंह और भोगनीपुर थाना क्षेत्र के पिलखनी निवासी पिंकल कंजर है। इन बदमाशों पर 25- 25 हजार का इनाम घोषित था । पुलिस ने बताया की गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो तमंचा, चोरी की बाइक, एक लाख 20 हजार की नकदी बरामद की है। पुलिस ने इन बदमाशों के बैंक खाते चेक किए तो इसमें से एक के खाते में 91000 रुपए मिले। पुलिस का कहना है कि उरई के जीवन राम गुप्ता के साथ हुई घटना और कालपी में व्यापारी के साथ हुई टप्पेबाजी में इसी गिरोह का हाथ था फिलहाल पुलिस तीनों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने पुलिस टीम को शाबाशी दी।
ये भी पढ़ें - कानपुर देहात : ट्रक-ट्रैक्टर की भिड़ंत में दो की मौत
