सीतापुर : संदिग्ध परिस्थितियों में मिला नवविवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस
बिसवां /सीतापुर, अमृत विचार। लापता नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नहर के किनारे पेड़ से लटकता हुआ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद विधिक कार्यवाही की।
कोतवाली बिसवां के ग्राम खेदरियापुर में प्रीति पत्नी सुधीर पुत्री प्रमोद कुमार निवासी ग्राम रूहा चांदी खेरा थाना तंबौर का संदिग्ध परिस्थितियों में शव नहर के किनारे जंगल में पेड़ से लटकता हुआ मिला। बता दें कि मृतका प्रीति बुधवार की शाम ग्राम कंकरकुई स्थित अपने फूफा विद्या प्रकाश पुत्र केशवराम मौर्य के घर से निकली औऱ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गयी थी। उसके लापता होने के बाद परिजनों ने इसकी काफ़ी तलाश की लेकिन कुछ पता नही चल सका। गुरुवार को उसका शव कोतवाली बिसवां के ग्राम खेदरियापुरवा के पश्चिम स्थित शारदा सहायक नहर के किनारे जंगल में उसका शव पेड़ से लटकता हुआ ग्रामीणों ने देखा। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी।
मौके पर पहुँचे नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार व अपराध निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा समेत भारी पुलिस बल ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के फूफा विद्या प्रकाश ने बताया कि प्रीति का विवाह 12 मई को थाना महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम ताजपुर सरैयां से हुआ था। दो दिन से प्रीति लापता थी। उधर घटना की सूचना परिजनों को मिलते ही मौके पर पहुँचे परिजनों में कोहराम मच गया।
बिसवां अपराध निरीक्षक वीके मिश्रा ने बताया कि खेदरियापुर में पश्चिम की तरफ जंगल में लगे पेड़ से लटकता शव मिला। मृतका की पहचान प्रीति के रूप में हुई। शव को नायब तहसीलदार जीतेन्द्र कुमार की मौजूदगी में पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थितियां स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें - मिशन शक्ति अभियान : महिलाओं को पुलिस ने किया जागरूक , कहा - कोई घटना होने पर डायल करें टोल फ्री नंबर
