बाराबंकी में बोले डिप्टी CM ब्रजेश पाठक - डीरेल हुई समाजवादी पार्टी, भाषा पर नियंत्रण खो चुके हैं अखिलेश

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

अवधी में भाषण देकर बढ़ाया कार्यकर्ताओं का हौसला

बाराबंकी , अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को यहां कहा कि समाजवादी पार्टी डीरेल हो चुकी है। उनके नेता अखिलेश यादव भाषा पर अपना नियंत्रण खो चुके हैं। कभी उनका नारा था समाजवादी पार्टी का नारा है खाली प्लाट हमारा है। अब ये नहीं हो रहा तो पार्टी नेता सदमे में हैं।
 
भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यकर्ता बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने आए उपमुख्यमंत्री ने मीडिया के सवालों के जवाब में बाराबंकी के लोगों को भरोसा दिलाया कि बाराबंकी लखनऊ से जुड़ा हुआ है इसलिए बाराबंकी का विकास लखनऊ की ही तरह करेंगे। यहां किसी काम के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। हाईवे पर स्थित अस्पताल को अत्याधुनिक बनाएंगे। इसके पूर्व उन्होंने पार्टी कार्यालय परमहापुरुषों के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन  करके बैठक की शुरुआत की।
 
ठेठ अवधी भाषा में कार्यकर्ताओं से मुखातिब डिप्टी सीएम ने कहा कि नौ साल मा मोदी अपने देश कय दुनिया मा नंबर एक बनावे के तांय दिन रात मेहनत करि रहय हैं। मोदी गरीबन के जीवन का ऊपर उठावे के ताई कऊनो कोर कसर नाही बाकी रखिन। कहा कि मकान दिहीन,गैस सिलिंडर,बिजली,सड़क आयुष्मान कार्ड ,किसान सम्मान निधि सहित तमाम ऐसे कार्य किए जिससे गरीबों का जीवन यापन सुगम हुआ है। कहा मोदी अब घर घर टोंटी वाला नल पहुंचाय रहे हैं।  गरीबन के घर मा अब टोंटी खोलतय भारभराय के शुद्ध पानी अईहै।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या मा जऊन राम मंदिर बनि रहा हय उका देखिकय छाती जुड़ाय गय। कार्यकर्ताओं ने भी डिप्टी सीएम के इस अनोखे और सरल अंदाज को खूब सराहा। कार्यकर्ता भी डिप्टी सीएम के भाषण के बीच बीच जोरदार जयकारे लगाते रहे।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि महा संपर्क अभियान को बेहद सफल बनाना है और 2024 के लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता अर्जित करने का ताना बाना बुनना है। 

कार्यकर्ताओं से मुखातिब डिप्टी सीएम ने कहा कि यदि कोई समस्या आए तो सीधे उनसे संपर्क करने की बात कही। सपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अवैध कब्जा करना,गुंडागर्दी  और माफियाराज सपा सरकार की पहचान थी,मगर अब चुस्त दुरुस्त कानून व्यवस्था के चलते प्रदेश आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से देश के अग्रणी प्रदेशों में शुमार हो गया है।जिला अध्यक्ष शशांक कुसुमेश ने स्वागत उद्बोधन में लोकसभा चुनाव में जिले में कमल खिलाने का डिप्टी सीएम को भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर खाद्य एवम रसद मंत्री सतीश शर्मा, जिला अध्यक्ष शशांक कुसुमेश,विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा,दिनेश रावत,एमएलसी अंगद सिंह,पूर्व विधायक शरद अवस्थी,बैजनाथ रावत, शील रत्न मिहिर,प्रमोद तिवारी,विजय आनंद बाजपेई,संदीप गुप्ता,रचना श्रीवास्तव,पवन सिंह रिंकू,गुरुशरण लोधी सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -लखनऊ में SDMA के भवन शिलान्यास कार्यक्रम में CM योगी ने किया पूजन, कहा - जनहानि को न्यूनतम स्तर पर लाना है हमारा प्रयास

संबंधित समाचार