बस्ती: नौ साल में देश ने हर क्षेत्र में किया अभूतपूर्व विकास, मंत्री धन सिंह रावत ने गिनाई केंद्र की उपलब्धियां
बस्ती, अमृत विचार। बीते नौ सालों में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है। देश के सभी नागरिक इस अभूतपूर्व विकास के साक्षी रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है एवं विश्व को मार्ग दिखा रहा है।
यह बातें उत्तराखंड सरकार के चिकित्सा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, सहकारिता, उच्च शिक्षा, विद्यालय शिक्षा, एवं संस्कृत शिक्षा विभाग के मंत्री डॉ धन सिंह रावत का। वह शुक्रवार को सर्किट हाउस में मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
रावत ने कहा मोदी सरकार द्वारा न केवल वंचित, शोषित लोगों को मुख्यधारा से जोड़ा बल्कि उनका सशक्तिकरण भी किया है। आज दुनिया के बड़े बड़े अर्थशास्त्री, विश्लेषक, विचारक सभी एक स्वर में कह रहे हैं कि 21वीं सदी भारत की सदी है आज पूरी दुनिया भारत को लेकर एक विश्वास से भरी हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के नौ साल के नौ प्रमुख आधार सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, नवाचार, दृढ़ इच्छाशक्ति, भ्रष्टाचार और आतंकवाद पर जीरो टोलरेंस, नीतिगत पहल साहसिक निर्णय तथा सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कहा कि शताब्दी का सबसे बड़ा आविष्कार वैक्सीन है, जबकि सबसे घटिया बयान अखिलेश यादव का रहा कि उन्होंने इसे भाजपा की वैक्सीन बताया था। कोरोना काल में 220 करोड़ देशवासियों को मुफ्त वैक्सीन लगाई गई।
भाजपा राष्ट्रीय मंत्री व सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि बस्ती जनपद में अनेकों विकास कार्य हुए हैं। इनमें मेडिकल कॉलेज, अटल आवासीय विद्यालय, वर्षों से खराब पचपेडिया मार्ग का निर्माण के साथ मुंडेरवा में चीनी मिल का संचालन, बस्ती रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण, लुम्बिनी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण, राम जानकी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर निर्माण कार्य रिंग रोड के लिए प्रथम चरण में 1138 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति शामिल है। कहा कि सांसद निधि से चार इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।
इससे पूर्व हर्रैया अजय सिंह, पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल, दुर्गा शंकर राय, सहजानन्द राय, भाजपा मीडिया प्रभारी दीपांशु विक्रम सिंह, शिवसागर तिवारी, अशोक कुमार, दयाशंकर मिश्रा, रामचरण चौधरी, अभय पाल, चंद्रशेखर मुन्ना, वैभव पांडेय, गिरीश पांडेय, अखंड प्रताप सिंह आदि ने मंत्रियों का स्वागत किया।
यह भी पढ़ें:-बृजभूषण सिंह को लगा बड़ा झटका: अब अयोध्या में नहीं कर सकेंगे 5 जून को जनचेतना रैली, जानें वजह
