मुरादाबाद में टला रेल हादसा, टूटी पटरी से गुजर गई पार्सल गाड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। रेल पटरी की निगरानी की एक बार फिर पोल खुली। कटघर और दलपतपुर के बीच टूटी पटरी से पार्सल ट्रेन गुजर गई। संयोग से बड़ा हादसा बच गया, जबकि पौने तीन घंटे तक ट्रेन रुकी रही। अमृतसर से हावड़ा को जाने वाली गाड़ी में सेना के जवान सवार थे। चालक ने इमरजेंसी …

मुरादाबाद, अमृत विचार। रेल पटरी की निगरानी की एक बार फिर पोल खुली। कटघर और दलपतपुर के बीच टूटी पटरी से पार्सल ट्रेन गुजर गई। संयोग से बड़ा हादसा बच गया, जबकि पौने तीन घंटे तक ट्रेन रुकी रही। अमृतसर से हावड़ा को जाने वाली गाड़ी में सेना के जवान सवार थे। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक से ट्रेन रोकने के प्रयास किया, उसके पहले सत्रह डिब्बे आगे बढ़ गए। टूटी पटरी के बीच ट्रेन फंसी रही। सुबह के 6:05 बजे डाउन दिशा में जा रही ट्रेन पटरी से गिरने से बची।

मुरादाबाद से रवाना ट्रेन कटघर स्टेशन से आगे भैंसिया गांव के सामने हादसा का शिकार होने से बची। रेल प्रबंधन ने मामले में जांच का ऐलान किया गया है। रेल प्रबंधन की धुकधुकी बढ़ गई थी। क्योंकि पार्सल स्पेशल ट्रेन में सेना के जवान सफर कर रहे थे। चौबीस कोच वाली ट्रेन के सत्रह डिब्बे टूटी पटरी के आगे निकल गए। जबकि सात डिब्बे पीछे थे। चालक के इमरजेंसी ब्रेक मारने के बाद ट्रेन रुकी और गार्ड मदन लाल ने इस मामले की जानकारी रेल अफसरों को दी। इसके बाद अफसरों की टीम घटना स्थल को दौड़ पड़ी। इस दौरान कोई दूसरी ट्रेन प्रभावित नहीं हुई।

अमृतसर से हावड़ा जा रही थी पार्सल स्पेशल ट्रेन
झटका लगने पर चालक ने मारी थी इमरजेंसी ब्रेक
पीछे के दो कोच में थे सेना के जवान, आगे सामान

कुछ माह पहले सेक्शन में टूटी थी रेल पटरी
हादसा के पहले रेल पटरी के ज्वाइंट खुल गए थे। विभाग की गोपनीय जांच में इस बात का खुलासा हुआ। सूत्रों का कहना है कि भैंसिया गांव के नजदीक पटरी कुछ माह पहले टूटी थी। विभाग ने उसे विभागीय तकनीक से जोड़ दिया था। मगर, उसके बाद ट्रैक के सपोर्ट में लगाए लोहे का टुकड़ा ढीला हो गया था। सुपरवाइजर स्तर की जांच टीम को क्षेत्र के इंजीनियरिंग विभाग के जिम्मेदारों ने पहले की तस्वीर दिखाई तो कई जिम्मेदारों के चहरे उतर गए। बताया गया कि जोड़े गए क्लैंप के बोल्ट और नट गायब हो गए थे। चर्चा है कि उसी चूक की वजह से यह दिक्कत आई। झटका की वजह से रेल पटरी के कई टुकड़े हो गए। मगर, हादसा की असल वजह क्या है? इस बात को लेकर रेल अफसरों में बहस छिड़ी हुई है। प्रबंधन का कहना है कि जांच के बाद असल बात का पता हो सकेगा।

पंद्रह मीटर बदली गई दोनों पटरी
घटना की सूचना के बाद पहुंची टीम ने पंद्रह मीटर की लंबाई में रेल का टुकड़ा बदल दिया। कई हिस्से में टूटी पटरी पर ट्रेन का डिब्बा था। कैरेज एण्ड वैगेन और सिविल इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने काफी संदीजगी से ट्रेन को जैक के जरिए उठाया और ट्रेन को आगे बढ़ाकर ट्रैक बदला।

क्या कहती है रेलवे की डायरी
पार्सल स्पेशल के पायलट को सुबह के 6:05 बजे कटघर और दलपतपुर के बीच किलो मीटर संख्या 1391/7 झटका लगा। इसके बाद पायलट ने ब्रेक लगाकर गाड़ी रोकी। पायलट और गार्ड की जांच में रेल पटरी टूटी मिली। मुरादाबाद- बरेली रेल खंड में यह हादसा हुआ है और जहां पटरी टूटी थी, वहां से सत्रह कोच आगे निकल गए थे। सात कोच पीछ थे। सूचना मिलते ही सीनियर डीईएन (हेडक्वार्टर) और एडीईएन मौके पर पहुंचे। इसके बाद सुबह के 8:40 बजे ट्रेन को पटरी पर उठाया गया और गाड़ी आगे चलाई गई। इसके पहले 5:38 बजे इस पटरी से लांगहाल मालगाड़ी गुजरी थी। मालगाड़ी सुबह के 5:38 बजे यहां से गुजरी थी। यह गाड़ी 5:34 बजे कटघर स्टेशन से निकली थी और 5:42 बजे दलपतपुर पहुंची थी।

वाराणसी और हावड़ा जा रहे थे जवान
अमृतसर से हावड़ा को जा रही पार्सल स्पेशल में सेना के जवान सवार थे। गाड़ी में दो कोच ऐसे थे, जिसमें जवान सवार थे। अन्य डिब्बों में सेना के सामान लोड थे। जवानों को वाराणसी और हावड़ा में उतरना था। गाड़ी रुकने के बाद जवानों ने पहले तो किसी ने बात करना उचित नहीं समझा। लेकिन जब बाद में रेलवे की टीम पहुंची उसके बाद जवान नीचे उतरे और रेलवे की सिविल इंजीनियरिंग की टीम से हादसा का कारण पूछा। एडीआरएम एसएन सिंह ने बताया कि पटरी से ट्रेन उतरी नहीं।

डाउन लाइन में लखनऊ की ओर जा रही पार्सल स्पेशल (00464) कटघर और दलपतपुर के बीच खड़ी हो गई थी। चालक को झटका लगा इसके बाद उसने इमरजेंसी ब्रेक मारकर ट्रेन नियंत्रित करने का प्रयास किया। तक तक गाड़ी के सत्रह कोच टूटी पटरी से आगे निकल गए थे। इस प्रकरण की जांच सीनियर डीईएन (हेडक्वार्टर) की अगुवाई वाली तीन सदस्यीय टीम को सौंपी गई है। सुपरवाइरों ने आरंभिक रिपोर्ट सौंद दी है। इस वजह से किसी ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ है।
तरुण प्रकाश, डीआरएम

संबंधित समाचार