बरेली: नगर आयुक्त के नाम से 20 हजार वसूल लाया सफाई निरीक्षक
छुट्टी के दिन पहुंचा सोमाया ग्रीन कॉलोनी, गंदगी पर दी कार्रवाई की धमकी
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम का एक सफाई नायक छुट्टी के दिन डेंटल कॉलेज रोड पर सोमाया ग्रीन कॉलोनी का निरीक्षण करने पहुंच गया। नगर आयुक्त का नाम लेकर कॉलोनी में गंदगी पर मैनेजर को धमकाया और 20 हजार रुपये वसूल लाया लेकिन नगर निगम में एक भी पैसा नहीं जमा किया। शुक्रवार को यह मामला जानकारी में आने के बाद नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक को तलब कर पूछताछ की, फिर मामले की जांच अपर नगर आयुक्त सर्वेश गुप्ता को सौंप दी।
सफाई निरीक्षक की वसूली की सूचना पार्षद राजेश अग्रवाल ने नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स को दी। बताया, सफाई निरीक्षक विवेक ने उनकी सख्ती का हवाला देते हुए कॉलोनी के मैनेजर से 20 हजार रुपये ले लिए लेकिन इसे राजकीय कोष में जमा नहीं किया। इस पर नगर ने सफाई निरीक्षक को बुलाकर पूछताछ की। सफाई निरीक्षक ने सोमाया ग्रीन जाने और नोटिस देने की बात तो कुबूल की लेकिन पैसे लेने के मामले में कोई जवाब नहीं दिया। इस पर नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त तृतीय को दे दी। अपर नगर आयुक्त ने शुक्रवार को ही कॉलोनी के मैनेजर के बयान दर्ज किए हैं।
पार्षद राजेश अग्रवाल ने बताया कि 30 मई को गंगा दशहरा का अवकाश था। उसी दिन सफाई निरीक्षक सोमाया ग्रीन पहुंचे। कॉलोनी मालिक को 50 हजार की रसीद काटने की चेतावनी दी। बाद में 25 हजार में सौदा तय कर लिया। जानकारी मिलने पर राजेश अग्रवाल ने सफाई निरीक्षक से बात की तो उसने उनसे भी मामला नगर आयुक्त के संज्ञान में होने की बात कह दी।
स्मार्ट सिटी की लाइटें गायब होने की जांच का निर्देश
पार्षद राजेश अग्रवाल ने नगर आयुक्त स्मार्ट सिटी की ओर से पॉश इलाकों में लगी लाइटें गायब होने की भी जानकारी दी। बताया कि लाइटें नगर निगम को हैंडओवर होने से पहले ही चोरी हो रही है। नगर आयुक्त ने इसे गंभीर बताते हुए अपर नगर आयुक्त प्रथम सुनील कुमार गुप्ता को जांच सौंपी है।
अग्रिम टैक्स जमा करनेपर छूट दे नगर निगम
पार्षद राजेश अग्रवाल ने शहर के लोगों की सुविधा के साथ नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए टैक्स का एडवांस भुगतान करने वालों को छूट देने की मांग की। मेयर और नगर आयुक्त ने इस पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
राजेश अग्रवाल ने नगर आयुक्त से की बातचीत में वित्तीय वर्ष 2023- 24 में अग्रिम गृहकर जमा करने वालों को 10 फीसदी, 7.5 फीसदी और 5 फीसदी छूट देने का सुझाव दिया और इस बारे में पत्र भी सौंपा। वह मेयर उमेश गौतम से भी मिले। मेयर ने जल्द ही इस पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है।
उधर, सफाई निरीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि उन्होंने 31 मई को 15 हजार की रसीद काटी थी और वह उसी दिन पैसा नगर निगम में जमा कर दिया था। नगर आयुक्त से उनकी रोज बात होती है। उन पर लगाए आरोप गलत है।
ये भी पढ़ें- बरेली: नगर निगम कर्मचारी संघ ने की नई कार्यकारिणी की घोषणा
