बरेली: ए प्लस ग्रेड मिली तो विश्वविद्यालय ओपन लर्निंग कोर्स करेगा शुरू
नैक की टीम ने विजिट रिपोर्ट में दिए हैं अच्छे संकेत, जल्द जारी होगी ग्रेडिंग
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में नैक टीम ने तीन दिवसीय दौरे के बाद अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन सौंप दी है। कुछ ही दिनों में विश्वविद्यालय को ग्रेड मिल जाएगी। टीम की विजिट रिपोर्ट से विश्वविद्यालय के अधिकारी और शिक्षक ए या इससे ऊपर की रैंक ही मिलने की उम्मीद जता रहे हैं। यदि विश्वविद्यालय को ए प्लस या ए प्लस प्लस ग्रेड मिली तो फिर नियमों के तहत विश्वविद्यालय डिस्टेंस लर्निंग या ओपन पाठ्यक्रम भी शुरू कर सकेगा। नैक दौरे से कुछ दिनों पहले ही विश्वविद्यालय ने ईडू की रैंकिंग में अच्छा स्थान प्राप्त किया है।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की पहले बी ग्रेड थी। यह ग्रेड मई 2021 में समाप्त हो गई। इसके बाद से विश्वविद्यालय नैक के दौरे की तैयारी कर रहा था। 29 से 31 मई तक विश्वविद्यालय में नैक की पांच सदस्यीय पीआर टीम ने दौरा किया था। दौरे के दौरान टीम को आरआईएफ, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, बॉटनिकल गार्डन, दिशा इंटर कॉलेज, दीनानाथ मिश्र इंटर कॉलेज और अन्य व्यवस्थाओं ने सबसे अधिक प्रभावित किया था। टीम ने अपनी विजिट रिपोर्ट ऑनलाइन सौंप दी है। कुलपति को भी एक रिपोर्ट दी गई है। इससे अच्छी ग्रेड मिलने के संकेत हैं।
अधिकारियों और शिक्षकों का मानना है कि पहले से बेहतर ही ग्रेड मिलेगी, जो भी अंक कम होंगे तो पिछले बरसों के रिकार्ड से होंगे, क्योंकि कई साल तक रिसर्च बंद रहीं। इसके अलावा प्लेसमेंट में भी अंक कम हो सकते हैं। लेकिन अन्य सभी में बेहतर अंक मिलेंगे। अब नैक बोर्ड की बैठक होगी। इसके बाद ही पता चलेगा कि विश्वविद्यालय को क्या ग्रेड मिलेगी। यदि ए प्लस या प्लस प्लस ग्रेड मिली तो यह विश्वविद्यालय के लिए बेहतर होगा। ईडू में विश्वविद्यालय ने अच्छी रैंक पाई है।
ये भी पढ़ें- बरेली में धर्मांतरण और यौन शोषण के दो अलग-अलग मामलों में FIR, आरोपी गिरफ्तार
