Kabir Jayanti 2023: धूमधाम से मनाई गई सद्गुरु कबीर की 625वीं जयंती
मानव मात्र के कल्याण के लिए था कबीर का जीवन : संतोष दास
अयोध्या/अमृत विचार। अयोध्या में सद्गुरु कबीर की 625वीं जयंती उत्सव पूर्वक मनाई गई। मोहबरा के पास स्थित श्रीकबीर धर्म मंदिर में कबीर साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अध्यक्षता श्रीकबीर धर्म मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष महंत उमाशंकर दास ने और संचालन समिति के मंत्री संत विवेक ब्रह्मचारी ने किया।
मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए काठमांडू नेपाल के आचार्य महंत संतोष दास ने कहा कि सद्गुरु कबीर देव का संपूर्ण जीवन मानव मात्र के कल्याण के लिए था। वह प्रकृति प्रेमी समतामूलक समाज के पोषक थे। सदगुरु कबीर धार्मिक कट्टरता के विरोधी थे। विशिष्ट अतिथि सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी के महंत तेजपाल दास ने कहा कि एक उच्च कोटि के समाज का विकास करना उनका मूल उद्देश्य था।
साकेत महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा की कबीर की विचारधारा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित करने के लिए सभी सामाजिक संगठनों के साथ-साथ सरकारी तौर पर भी प्रयास किया जाना चाहिए। मुख्य रूप से हनुमानगढ़ी के संत राजूदास, प्राचार्य निर्मल कुमार वर्मा, संत रामप्रकाश दास, शील दास, प्रदीप कुमार वर्मा, रामविलास वर्मा, अजीत कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-Common Nursing Entrance Test: नीट की तर्ज पर हुआ कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट, जानें परीक्षार्थियों ने क्या कहा...
