हरदोई : बारात में गए युवक का नहीं लगा सुराग, बाइक बरामद
हरदोई, अमृत विचार। बाइक से बारात में शामिल होने गए युवक का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने दी गई तहरीर पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं युवक की बाइक और उसकी चप्पलें बरामद होने से उसके घर वाले किसी अनहोनी को ले कर काफी डरे हुए।
बताया गया है कि बघौली थाने के पहाड़पुर मजरा बरौली निवासी शिवकरन उर्फ सीटू पुत्र जयजयराम 1 जून को बाइक से भीठा मजरा बघौली रतिराम पाल के यहां बारात में गया हुआ था। उसके बाद से शिवकरन उर्फ सीटू का कुछ पता नहीं चला। उसके अगले दिन जब शिवकरन उर्फ सीटू का भाई मनोज भीठा गांव पहुंचा तो वहां रतिराम पाल के दरवाज़े पर उसकी बाइक खड़ी हुई थी और वहीं पर उसकी चप्पलें भी पड़ी हुई थी। उसके बाद से शिवकरन उर्फ सीटू की तलाश की जा रही है, लेकिन सोमवार को पांचवे दिन भी उसका सुराग नहीं लगा। पिता जयजयराम की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं उसके घर वाले किसी तरह की अनहोनी से पूरी तरह डरे हुए हैं।
तलाश करने में जुटी पुलिस की टीमें
बारात से लापता हुए शिवकरन उर्फ सीटू की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई है।इस बारे में एसएचओ बघौली ज्ञानेश दुबे का कहना है कि युवक के घर वालों के बताए हुए ठिकानों पर उसे तलाश किया जा रहा है। उनका कहना है कि जल्द ही सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।
ये भी पढ़ें - रायबरेली : चलते ट्रक में अचानक लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
