Chitrakoot: थोक व्यापारी के गोदाम में लगी आग, चार करोड़ का माल राख के ढेर में तब्दील, जिसने सुना मौके की ओर दौड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में थोक व्यापारी के गोदाम में आग लग गई।

चित्रकूट में थोक व्यापारी के गोदाम में आग लग गई। आग से करीब चार करोड़ का नुकसान हुआ है।

चित्रकूट, अमृत विचार। मुख्यालय के मिशन रोड स्थित एक दुकान के गोदाम में रविवार रात आग लगने से करोड़ों का सामान राख हो गया। दूसरी मंजिल पर व्यापारी का आवास है। फायर बिग्रेड और लोगों ने आग पर मशक्कत से काबू पाया, जिससे ऊपर तक आग नहीं पहुंच सकी। व्यापारी के अनुसार, आग से लगभग चार करोड़ का नुकसान हुआ है। उसने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी है।  

मिशन रोड पर बेथेल चर्च के सामने शिवगंगा विला में नीचे के तल पर थोक व्यापारी सुशील शिवहरे की शिवगंगा ट्रेडर्स नाम से जनरल, किराना, कोल्ड ड्रिंक आदि कई तरह के सामान की एजेंसी और दुकान है। सुशील ने बताया कि नीचे जहां दुकान का गोदाम भी है, वहीं ऊपर वह अपनी पत्नी ज्योति और पुत्रियां आरोही व यम्मी के साथ रहते हैं।

रोजाना की तरह वह रविवार को अपने परिवार के साथ सो रहे थे कि अचानक सांस लेने में तकलीफ महसूस हुई। इसी बीच पड़ोसियों की आवाज और धुयें की वजह से उनकी नींद खुली तो देखा तो चारों ओर धुआं था। किसी तरह वह अपने परिवार को लेकर पड़ोसी की छत पर कूदे तो जान बची। सुशील ने बताया कि सुबह साढ़े तीन बजे से फायर बिग्रेड की लगभग सात गाड़ियों ने दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक पूरा सामान जलकर राख हो गया था। 

जिसने सुना मौके की ओर दौड़ा

भोर होते होते भीषण अग्निकांड की बात जिसे भी पता चली, घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। सूचना पाकर व्यापारी नेता शानू गुप्ता, पालिका सभासद शंकर प्रसाद यादव व अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और व्यापारी को ढांढस बंधाया। 

दो जिलों का काम संभाले था सुशील

सुशील ने बताया कि उनके पास चित्रकूट के साथ-साथ बांदा जिले के भी व्यापारी माल लेने आते थे। ऐसे में उनको अग्निकांड से तगड़ा नुकसान हो गया है।

संबंधित समाचार