Chitrakoot: साहब! जंगल की ओर से निकाला जा रहा संपर्क मार्ग, कोलान बस्ती के लोगों ने डीएम से लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट के कैलहा की कोलान बस्ती के लोगों ने डीएम से लगाई गुहार।

चित्रकूट के कैलहा की कोलान बस्ती के लोगों ने डीएम से लगाई गुहार। साहब! जंगल की ओर से संपर्क मार्ग निकाला जा रहा।

चित्रकूट, अमृत विचार। मानिकपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कैलहा के मजरे कोलान बस्ती के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर गांव में बनाए जा रहे संपर्क मार्ग के रूट को लेकर आपत्ति जताई है। डीएम ने समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया है। 

बीते दिन जिला मुख्यालय पहुंचे कैलहा के बाशिंदों  छोटालाल, मैयादीन, श्यामसुंदर, रामभवन, रज्जन, रजकलिया, बुधिया, लोधी, फूला, सुशीला, सालिक, तिलकराज, मुन्ना, बच्चा, राजू, देवा आदि ने जिलाधिकारी अभिषेक आनंद से मिलकर बताया कि उनके मजरे कोलान बस्ती में लगभग 25 घर कोल आदिवासियों के हैं। लंबे समय बाद सरकार ने यहां गांव से कोलान बस्ती के लिए संपर्क मार्ग स्वीकृत किया है।

ग्रामीणों ने इस बात पर आपत्ति दर्ज कराई कि यह मार्ग ठेकेदार द्वारा अधिकारियों को गलत जानकारी देकर जंगल की ओर से बनाया जा रहा है। इससे उन लोगों को दिक्कत होगी।    

डीएम के व्यवहार से संतुष्ट दिखे ग्रामीण

ग्रामीण जिलाधिकारी अभिषेक आनंद से मिलने के बाद उनके व्यवहार से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने बताया कि डीएम ने उनको जलपान कराया और बातों को गंभीरता से सुना। गांव के आसपास के जंगल में उपलब्ध जड़ी बूटियों आदि के बारे में भी पूछा। साथ ही समस्या का जल्द समाधान करने को आश्वस्त किया। 

एई बोले, मुझे मालूम नहीं

उधर, इस संबंध में एई पीडब्लूडी निर्माण खंड नीरज सक्सेना ने बताया कि अवर अभियंता ने जो नक्शा बनाया था, उसी के आधार पर निर्माण कराया जा रहा है। बताया कि गांववालों की दिक्कत की उनको जानकारी नहीं है कि सड़क को जंगल की ओर मोड़ा जा रहा है। अगर ऐसा कुछ है तो दिखवाते हैं।

संबंधित समाचार