Unnao News : श्रमिक की मौत के बाद परिजनों ने रोड जाम कर किया हंगामा, संदिग्ध हालात में रोड किनारे मिला था शव
उन्नाव में संदिग्ध हालात में रोड किनारे भट्ठा श्रमिक का शव मिला था।
उन्नाव में संदिग्ध हालात में रोड किनारे भट्ठा श्रमिक का शव मिला था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे परिजनों ने संडीला मार्ग जाम किया।
उन्नाव, अमृत विचार। बांगरमऊ कोतवाली अंतर्गत संडीला मार्ग पर बीती मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में भगवंतपुर गोटपाली निवासी नेकराम का शव रोड किनारे मिला था। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार सुबह परिजनों ने शव लाकर सैकड़ों ग्रामीणों के साथ संडीला मार्ग जाम कर दिया। करीब ढाई घंटे बाद पहुंचे कोतवाल व तहसीलदार द्वारा रिपोर्ट दर्ज करने के आश्वासन पर वे माने और जाम खुल सका।
बता दें कि गांव भगवंतपुर निवासी नेकराम पुत्र खुशीलाल मंगलवार सुबह करीब 3 बजे काली मिट्टी स्थित ईंट भट्टे पर काम करने जा रहा था। तभी संडीला मार्ग पर आरएस चौराहे के पास वह संदिग्ध हालात में पड़ा मिला था। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
पोस्टमार्टम के बाद बुधवार सुबह परिजन शव लेकर पहुंचे और मृतक के पिता खुशी लाल ने आरोप लगाया कि गांव के ठेकेदार संजय पुत्र सफेदाद ने उसके पुत्र नेकराम को गांव के इरफान पुत्र जमालू, मोनू पुत्र जहीर व लल्लन पुत्र शमशेर के साथ काली मिट्टी स्थित भट्टे पर काम करने भेजा था। रास्ते में साथी मजदूरों ने आपसी रंजिश के चलते बेटे की हत्या कर दी है।
वहीं, मृतक की पत्नी सीमा ने पुलिस को बताया कि उसके पति के पास 10 हजार रुपए थे। रास्ते में कहीं पर इरफान, मोनू व लल्लन ने उससे पैसे छीन लिये थे। जिससे पति की जेब फट गई थी। विरोध करने पर तीनों ने उसके पति का मुंह बालू में दबाकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों व ग्रामीणों ने साथी मजदूरों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करते हुए संडीला मार्ग पर जाम लगा दिया।
जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गईं। करीब ढाई घंटे बाद वहां पहुंचे कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह व तहसीलदार दिलीप कुमार ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। तब जाकर आवागमन बहाल हो सका। पुलिस ने मृतक के पिता खुशीलाल की तहरीर के आधार पर तीनों मजदूरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
