रामपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
रामपुर, अमृत विचार। मिलक में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत हो गई। नवविवाहिता की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। छह माह पूर्व हुरमतनगर निवासी विजयपाल की पुत्री 20 वर्षीय रीना का विवाह क्षेत्र के आगापुर गांव निवासी सुरेश के पुत्र मुनीश चंद्र के साथ हुआ था। विवाह के पश्चात दोनों पति-पत्नी खुशहाली पूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे थे। बुधवार को गांव उर्स का कार्यक्रम चल रहा था। ज्यादातर ग्रामीण देर शाम से ही उर्स देखने चले गए।मुनीश भी रात्रि को भोजन कर उर्स देखने चला गया।
रात्रि करीब 2 बजे मुनीश घर लौटा और अपने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से न तो कोई आवाज आयी और नहीं दरवाजा खुला। मुनीष ने रीना द्वारा दरवाजा न खोलने की बात अपने माता पिता को बतायी। मुनीश के पिता सुरेश ने करीब साढ़े तीन बजे दरवाजा तोड़ दिया। देखा कि रीना छत के कुंडे से लटकी हुई थी। आनन फानन में सभी ने मिलकर रीना को फंदे से नीचे उतारा। रीना को मृत देख सभी के हाथ पांव फूल गए। रीना की मौत की सूचना रिश्तेदारों एवं रीना के परिजनों को दी गयी। सूचना पर मृतका के परिजन, सीओ रवि खोखर, कोतवाल राजेश बैंसला, तहसीलदार राकेश चंद्रा एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
घटनास्थल का जायजा लिया। मृतका के परिजनों द्वारा मुनीश एवं उसके परिवार वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि शादी के चार माह बाद से ही मुनीश व उसके परिवार वाले दहेज की मांग कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर आए दिन रीना को प्रताड़ित करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति, सास ससुर व ननद के खिलाफ दहेज हत्या में मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: डीजे का तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आकर युवक की मौत
