बहराइच : जल निकासी की बेहतर सुविधा के लिए अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
नानपारा/ बहराइच, अमृत विचार। नगर क्षेत्र में कुछ लोगों ने नगर पालिका की जमीन पर अतिक्रमण कर लिया था। अतिक्रमण के चलते जल निकासी की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। एसडीएम द्वारा गठित टीम ने गुरुवार को बुलडोजर के द्वारा अतिक्रमण हटवाया। इससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
नानपारा नगर पालिका क्षेत्र में नाली और सड़क की पटरियों पर कुछ लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर रखा है। जिससे बारिश होने पर जल निकासी की समस्या उत्पन्न होती है पानी नगर वासियों के घर में भरने लगता है। इसके लिए नगर पालिका की बोर्ड बैठक में सभासदों ने आवाज उठाई थी। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रेनू यादव ने एसडीएम अजीत परेस को पत्र देकर टीम मांगी थी। एसडीएम ने तहसीलदार और राजस्व कर्मियों की टीम को नगरपालिका के कर्मचारियों के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था।
गुरुवार को अधिशासी अधिकारी रेनू यादव तहसीलदार और नानपारा कोतवाली की पुलिस के मौजूदगी में अंगनूपुरवा से अतिक्रमण हटवाया गया। नगर पालिका के बुलडोजर ने नगर पालिका की जमीन पर बने टीन शेड और अस्थाई दुकानें गिरा दी। इससे अफरा तफरी का माहौल रहा। ईओ ने बताया कि नगर वासियों को बेहतर जल निकासी की सुविधा के लिए अभियान निरंतर चलता रहेगा। इस दौरान नगर पालिका के कर्मी और पुलिस टीम शामिल रही।
ये भी पढ़ें -संजीव माहेश्वरी हत्याकांड : कोर्ट पहुंची SIT टीम, रिक्रिएट कर सकती है क्राइम सीन
