रामपुर: मामूली कहासुनी के बाद पति ने पत्नी पर झोंका फायर, हालत गंभीर

पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, दोनों में चला आ रहा था विवाद

रामपुर: मामूली कहासुनी के बाद पति ने पत्नी पर झोंका फायर, हालत गंभीर

DEMO IMAGE

स्वार, अमृत विचार। पारिवारिक विवाद के चलते पति ने दो नाली लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सक ने महिला की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर किया है। पुलिस ने घायल महिला के बेटे की ओर से आरोपी के खिलाफ नामजद  रिपोर्ट दर्ज की है।

घटना कोतवाली के गांव समोदिया की है। गांव निवासी पति श्यामलाल व पत्नी कुसुम के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था। गुरुवार को पति घर आया ओर पत्नी से कहासुनी करने के साथ फौजदारी पर उतर आया जब पत्नी ने विरोध किया तो पति आग बबूला हो  गया। घर में रखी 12 बोर की दो नाली लाइसेंसी बंदूक से पत्नी पर फायर झोंक दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

महिला को उपचार के सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सक ने महिला की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया है। दिनदहाड़े फायर की गूंज से  ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर कोतवाल अजय मिश्रा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंच गए। जांच शुरूकर दी।  

आरोपी पति फरार हो गया। पुलिस ने घायल महिला के बेटे अनिल कुमार की ओर से रिपोर्ट दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल अजय मिश्रा ने बताया कि दो नाली बंदूक बरामद कर शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें- इंडो-नेपाल कराटे चैंपियनशिप में रामपुर के खिलाड़ियों का जलवा, नेपाल को भारतीयों ने चटाई धूल