सुलतानपुर: बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत, दूसरा घायल
सुलतानपुर। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर असरोगा टोल प्लाजा के आगे हाइवे से आ रहे बाइक सवार व लिंक रोड से हाइवे पर चढ़ रहे बाइक सवार की जोरदार भिड़ंत हो गई। सूचना पर पहुंची एनएच की एंबुलेंस दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुची, जहां चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।
शनिवार को कुड़वार थाना क्षेत्र में असरोगा टोल प्लाजा के आगे सुरजीपुर मोड़ के पास लिंक रोड से हाइवे पर चढ़ रहे धरावा गांव निवासी अफसर खान (38) पुत्र मो. अकरम व हाइवे से आ रहे अमेठी जनपद के जलावा थाना मुसाफिरखाना निवासी शुभम उर्फ सोनू मौर्या (24) पुत्र राम शंकर मौर्य की बाइको में जोरदार भिड़ंत हो गई।
सूचना पर पहुंची एनएच की एम्बुलेंस दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहंची। जहां चिकित्सक ने गंभीर रूप से घायल शुभम मौर्य को मृत घोषित कर दिया। जबकि, दूसरे घायल अफसर खान का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना की सूचना पर कुड़वार थाने के उपनिरीक्षक राम विलास यादव ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना ग्रस्त बाइकांे को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया।
जिला अस्पताल के आपातकालीन ड्यूटी में तैनात चिकित्सक की सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुड़वार प्रभारी निरीक्षक गौरीशंकर पाल ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर फोर्स भेजी गई थी। लेकिन तब तक घायलों को एम्बुलेंस से भेजा जा चुका था। घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़ें : दावा फुस्स : बनने थे 22, लेकिन डेढ़ साल में बना सिर्फ एक अमृत सरोवर
