संभल: ढाढोल बवाल पर लापरवाही में एक दरोगा और दो सिपाही निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस कार्रवाई के डर से गांव की सड़कों पर पूरे दिन पसरा रहा सन्नाटा, शांति व्यवस्था को लेकर गांव में दूसरे दिन भी रहा पुलिस बल तैनात

संभल, बहजोई ,अमृत विचार : मंदिर में मूर्ति स्थापना से पहले निकाली जा रही शोभायात्रा को लेकर गांव ढाढोल में हुए बवाल को लेकर पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने लापरवाही के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने एक दरोगा सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। गांव में अब भी शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात है।

बहजोई के गांव ढाढोल में ब्राह्मण समाज के लोगों द्वारा निकाली जा रही शोभायात्रा का विरोध करते हुए अनुसूचित जाति के लोगों ने अपने मोहल्ले में रोक दिया था। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे और जमकर पथराव हुआ था। इसमें चार लोग घायल हो गए थे। हालात को काबू करने के लिए खुद एसपी चक्रेश मिश्र चार थानों की फोर्स के साथ गांव पहुंचे थे।

इस मामले में पुलिस ने 52 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करते हुए 43 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया था। गांव में दूसरे दिन भी शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की कार्रवाई के डर से गांव में सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने लापरवाही का दोषी मानते हुए हल्का दरोगा अजीत सिंह, सिपाही सुनील गंगवार व अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

ये भी पढ़ें - संभल: पीएम मोदी का सपोर्टर बता ठगी करने वाला तांत्रिक गिरफ्तार