पाक कुरान पढ़ना हर मुसलमान पर फर्ज : मौलाना वसीम
अयोध्या, अमृत विचार। मदरसा रहमानिया मोहल्ला ठठरहिया चौक में तकमील ए क़ुरान पाक पर एक जलसा हुआ। जिसका आरंभ हाफिज मोहम्मद अनस द्वारा तिलावते कलाम ए पाक से हुआ। इस मौके पर कुरान मुक्कमल करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।
मुख्य वक्ता मौलाना मोहम्मद वसीम अध्यक्ष जमीअत उलमा जिला जौनपुर ने फजीलत ए कुरान पाक पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कुरान पाक का पढ़ना हर मुसलमान पर फर्ज है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुरान पाक पढ़ने का ज्ञान प्राप्त करने के लिए अपने बच्चों को मदरसों में जरूर भेजें। जिससे उनका नमाज रोजा ईमान और अकाइद दुरुस्त हो सके। शहर काजी मुफ्ती जियाउद्दीन कासमी ने कहा कि जिसका ताल्लुक कुरान पाक से जितना करीब होगा वह अल्लाह ताला से उतना ही करीब होगा। उन्होंने कहा सच का दामन पकड़ कर चलने वाला दुनिया और आखिरत में कामयाब होगा।
मदरसा फुरकानिया गोंडा के शिक्षक मुफ्ती अब्दुर्रहीम कासमी ने कहा कि कुरान पाक ही एक ऐसी किताब है जिसके करोड़ों हाफिज आज पूरी दुनिया में मौजूद है। संचालन कारी मोहम्मद तौसीफ ने किया। इस मौके पर मुफ्ती बादशाह खान कासमी, कारी इरफान अहमद हलीमी, मौलाना जहीर अब्बास नदवी, इरशाद रब्बानी, मौलाना इनायतुल्लाह जामई, हाफिज मोहम्मद यूसुफ, हाफिज हयातुल्लाह आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - अयोध्या : सड़क किनारे घायल पड़ा मिला अधेड़, भेजा गया अस्पताल
