प्रतापगढ़: युवक की नृशंस हत्या कर शव फेंका, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
प्रतापगढ़। बहन के घर आम देने गए युवक की अज्ञात लोगों ने नृशंस हत्या कर दी। सुबह सड़क किनारे युवक का शव मिलने पर सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है।
जनपद रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली अंतर्गत बड़ा गांव के रहने वाले होरी लाल (38) शनिवार को नवाबगंज के किशुनदासपुर अपने बहनोई रामकरन के यहां आम देने गया था। शाम छह बजे होरीलाल निमंत्रण जाने को कह कर बहन के घर से साइकिल से निकला था, वह घर नहीं पहुंचा।

रविवार की सुबह नवाबगंज मानिकपुर थाना अंतर्गत बार्डर किल किलहा (बरियांवा) गांव के लोग सुबह टहलने निकले तो सड़क के किनारे गड्ढे में रक्तरंजित शव पड़ा था। इसकी सूचना ग्रामीणों ने नवाबगंज पुलिस को दी।
पुलिस के पहुंचने पर शव की पहचान होरीलाल के रूप में हुई। सीमा विवाद को लेकर घण्टों पुलिस उलझी रही। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से मृतक के परिजनों व बहनोई के परिवार में सभी बेहाल रहे। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:-नोएडा फिल्म सिटी में बड़ा हादसा: लाइटिंग ट्रस गिरने से महिला मॉडल की मौत, फैशन शो के दौरान हुआ हादसा
