बरेली: सिंचाई विभाग के चालक के घर से लाखों की चोरी, 25 लाख की ज्वेलरी और नकदी लेकर चोर फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर परिवार सहित गए सिंचाई विभाग के चालक के घर के शनिवार रात चोरों ने ताले तोड़ दिए। चोर करीब 25 लाख की ज्वेलरी और नकदी ले गए। घर में चालक की दो बहनों के जेवर भी रखे थे। सूचना पर पुलिस, डॉग स्क्वायड, फील्ड यूनिट ने मौके पर जांच की। बहनों ने थाना में शिकायती पत्र दिया है।

सुभाषनगर के करगैना निवासी रेखा सक्सेना और खन्ना बिल्डिंग के पीछे रहने वाली सुरेखा सक्सेना ने बताया कि उनके भाई आलोक सक्सेना अनुपम नगर में रहते हैं। आलोक सिंचाई विभाग में चालक के पद पर हैं। 8 जून को आलोक पत्नी वंदना सक्सेना, मां माया सक्सेना और तीनों बच्चों के साथ बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर गए थे। शनिवार की रात को चोरों ने उनके घर के ताले तोड़ दिए और घर में रखे 40 हजार रुपये और आभूषण चोरी कर लिए। आलोक के घर में उन दोनों का भी जेवर भी रखा था। 

जानकारी मिलने पर दोनों बहनों ने भाई के घर पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सीओ द्वितीय राजकुमार मिश्रा, फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और सुभाषनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। रेखा और सुरेखा ने बताया कि उनके जेवर के अलावा उनकी मां और भाभी का कितना जेवर रखा था इसकी जानकारी नहीं है। रेखा और सुरेखा ने थाना सुभाषनगर में संयुक्त रूप से शिकायती पत्र दिया है। साथ ही आलोक के आने पर उनके जेवर की जानकारी बाद में देने की बात कही है। दोनों बहनों के अनुसार चोर करीब 25 लाख का जेवर और नकदी ले गए हैं।

छत का दरवाजा खुला होने पर मिली जानकारी
रेखा और सुरेखा ने बताया कि आलोक के पड़ोस में कुसुमलता रहती हैं। रविवार को सुबह कुसुमलता ने छत का दरवाजा खुला देखा तब आलोक की पत्नी वंदना को फोन किया। इस पर वंदना ने रेखा और सुरेखा को अपने घर भेजा। घर में मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोर घुसे थे। अंदर के भी ताले तोड़ दिए।

पड़ोसी ने कल ही सीसीटीवी कैमरे किए बंद
आलोक के घर का मुख्य दरवाजा लोहे का है। उन पर लगे ताले चोरों ने तोड़ दिए। लोहे के दरवाजे पर चोट पड़ने से तेज आवाज आती है, लेकिन उसके बाद भी पड़ोसियों को सुनाई नहीं दिया। इसके साथ एक व्यक्ति ने अपने कैमरे कल ही ऑफ कर दिए थे। पूछने पर पुलिस को बताया कि बिजली कम आने के बाद कैमरे ऑफ किए हैं। चोरों ने रेकी करने के बाद ही घटना को अंजाम दिया है। उधर डॉग स्क्वायड भी कुछ दूर जाने के बाद वापस आ गया।

आलोक की बहन सुरेखा और रेखा की ओर से शिकायती पत्र मिला है। अभी आलोक नहीं आए हैं। आलोक के आने के बाद पता चलेगा कि उनका कितना जेवर चोरी हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।- अखिलेश प्रधान - इंस्पेक्टर सुभाषनगर

ये भी पढे़ं- बरेली: दंत रोगियों को राहत, डेंटल यूनिट का हुआ विस्तार

 

 

संबंधित समाचार