बस्ती : कुदाल से ताबड़तोड़ वार कर शिक्षामित्र बेटे ने की पिता की हत्या, खुद ही पहुंचा थाने
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, प्रारंभिक जांच में कर्ज अदायगी का विवाद आया सामने
बस्ती, अमृत विचार। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के शोभनपार गांव में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां कर्ज अदायगी के विवाद में शिक्षामित्र बेटे ने अपने ही पिता पर कुदाल से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इधर, जब पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंच कर छानबीन कर रही थी तो वह खुद लालगंज थाने पहुंच कर पुलिस के सामने खड़ा हो गया।
पुलिस के अनुसार शोभनपार निवासी बुद्धिराम के दो बेटे सुधीर और रणधीर थे। रणधीर की नौ साल पहले मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद छोटी बहू सूर्यमति के साथ वह अलग रहने लगे थे। बताया गया कि बड़े बेटे सुधीर ने पिता के नाम से बैंक से केसीसी लोन ले रखा है। वह गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र है। कर्ज अदायगी को लेकर पिता-पुत्र में अक्सर विवाद होता रहता था। हाल ही में बुद्धिराम ने तकरीबन 62 हजार रूपये में यूकेलिप्टस का पेड़ बेचा था। जिससे वह कर्ज चुकाने की तैयारी कर रहे थे। जबकि सुधीर ऐसा नहीं चाहता था। ऐसे में इस बात को लेकर पिता-पुत्र में रविवार की देर शाम खूब झगड़ा हुआ।
सोमवार सुबह बुद्धिराम शौच के लिए खेत की तरफ गए थे। आरोप है कि रास्ते में गन्ने के खेत के पास सुधीर मिल गया और उसने कुदाल से पिता बुद्धिराम के सिर पर ताबड़तोड़ तीन-चार वार कर दिए। जिससे बुद्धिराम की मौके पर ही मौत हो गई। खेत की ओर से आई चीख सुनकर गांव में लोग वहां पहुंचे तब तक सुधीर वहां से फरार हो चुका था। मामले की जानकारी गांव के लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन कर ही रही थी कि सुधीर खुद लालगंज थाने पहुंच गया। एसएचओ ब्रजेंद्र पटेल ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई है। पुलिस ने सूर्यमति की तहरीर पर सुधीर के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। एसओ ने बताया कि घटना में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद कर ली गई है।
ये भी पढ़ें - गोंडा : कोतवाल के खिलाफ डकैती का मुकदमा लिखाने वाले अधिवक्ता की सड़क हादसे में मौत
